महाराष्ट्र के ठाणे में धोखाधड़ी के आरोप में एक ही परिवार के 19 सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दरअसल, आरोपियों पर एक व्यक्ति और उसके भाई से क्रिप्टोकरेंसी योजना में निवेश कर अच्छा रिटर्न देने के बहाने से 1.17 करोड़ रुपये ठगने का आरोप है। 42 वर्षीय व्यक्ति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। साबिर याकूब घाची, शाकिर याकूब घाची और रुहिहा शाकिर घाची समेत अन्य सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने पीड़ित से उनके निवेश राशि पर 12 गुना रिटर्न देने का वादा किया था। पीड़ित ने 91.53 लाख रुपये और उसके भाई ने 25.69 लाख रुपये का निवेश किया था। जब शिकायतकर्ता ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने बाते बनाना शुरू किया और धमकी भी देने लगे। पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की हुई है।
पुणे में दो बच्चियों से यौन उत्पीड़न करने के आरोप में स्कूल वैन का चालक गिरफ्तार
पुणे में छह साल की दो बच्चियों से यौन उत्पीड़न करने के आरोप में पुलिस ने स्कूल वैन चालक को गिरफ्तार किया। यह घटना 30 सितंबर की है, जब लड़कियां स्कूल वैन से घर वापस लौट रही थी। इस दौरान आरोपी ने बच्चियों के प्राइवेट पार्ट्स को छुआ। उनमें से एक बच्ची ने अपनी मां को पूरी कहानी सुनाई। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान संजय रेड्डी के तौर पर की गई है।
मुंबई के कारोबारी ने ‘अटल सेतु’ से कूदकर जान दी
मुंबई और नवी मुंबई को जोड़ने वाले अटल सेतु से कूदकर 52 वर्षीय कारोबारी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार की है और पिछले तीन दिनों में ‘अटल सेतु’ पर आत्महत्या की यह दूसरी घटना है। इससे पहले सोमवार को एक बैंककर्मी ने भी ‘अटल सेतु’ से समुद्र में कूदकर अपनी जान दे दी थी।
महाराष्ट्र के नेता को पार्सल में भेजा गया बुलेट
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ राजनीतिक दल के ठाणे के एक नेता को एक पार्सल भेजा गया, जिसमें बुलेट और एक चिट्ठी थी। पुलिस ने गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि नेता को जान से मारने की धमकी दी गई। हालांकि, पार्सल भेजने वाले की पहचान अभी तक नहीं की गई है। शिकायत के अनुसार, नेता को मंगलवार को पार्सल भेजा गया था। चिट्ठी में लिखा था, इस बार आपके हाथ में दे रहा हूं, अगली बार यह आपके सिर पर होगा। इस बार यह एक छोटा सा उपहार है अगली बार बड़ा उपहार होगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दक्षिण मुंबई में चार मंजिला इमारत की दो मंजिलों की स्लैब ढह गई
दक्षिण मुंबई के ग्रांट रोड इलाके में एक चार मंजिला इमारत की दो मंजिलों की स्लैब ढह गई। इस हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दूसरी और चौथी मंजिल की स्लैब ढह गई। किसी ने अधिकारियों को फोन कर घटना की जानकारी दी। खोज और बचाव अभियान जारी है। दमकल की गाड़ियां, पुलिस, बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट, 108 एंबुलेंस और बृहन्मुंबई नगर निगम के वार्ड कार्यालय कर्मचारी सहित कई एजेंसियां बचाव अभियान में लगी हुई हैं।
'लड़की बहिन' योजना के लिए पर्याप्त वित्तीय प्रावधान किया गया- अजित पवार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार की महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना 'लड़की बहन योजना' के लिए पर्याप्त मौद्रिक प्रावधान किया गया है। बता दें कि अजित पवार विपक्ष की इस आलोचना का जवाब दे रहे थे कि इस योजना से राज्य के खजाने पर वित्तीय बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा, मैं राज्य का वित्त मंत्री हूं। मैं पुष्टि कर सकता हूं कि हमारा वार्षिक राजस्व लगभग 42-43 लाख करोड़ रुपये है। हम केंद्र की तरफ से राज्य के लिए तैयार किए गए राजकोषीय ढांचे का पालन कर रहे हैं और हमने उन गणनाओं को पार नहीं किया है। अजित पवार ने कहा कि लड़की बहन योजना के लिए धनराशि योजना की जरूरतों के अनुसार आवंटित की जाती है।
'मुख्यमंत्री माझी लड़की बहन योजना' एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महायुति सरकार का एक प्रमुख कार्यक्रम है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की सहायता दी जाती है।
'कोल्डप्ले' कॉन्सर्ट के टिकटों की कालाबाजारी, FIR दर्ज
ऑनलाइन टिकट एग्रीगेटर बुक माई शो ने गुरुवार को कहा कि उसने ब्रिटिश रॉक बैंड 'कोल्डप्ले' के शो के टिकटों की कालाबाजारी के मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। कंपनी ने कहा कि वह उन टिकटों के रद्द होने की संभावना का आकलन कर रही है, जिन्हें अवैध तरीके से बेचा गया। मुंबई पुलिस ने पुष्टि करते हुए कहा कि भारत में कोल्डप्ले के 'म्यूजिक ऑफ द स्फीयर्स वर्ल्ड टूर -2025' के टिकटों की कालाबाजारी के खिलाफ चल रही लड़ाई में बुक माई शो ने 2 अक्तूबर 2024 को एक एफआईआर (प्रथम सूचना रिपोर्ट) दर्ज कराई है। एफआईआर में उन व्यक्तियों और प्लेटफार्मों की जांच करने का भी आग्रह किया गया है, जिन्होंने अवैध रूप से टिकट बेचे या शामिल रहे। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने जांच शुरू कर दी है। बता दें कि कुछ टिकटें बहुत अधिक कीमत पर बेची गईं थीं।