नवी मुंबई में एक महिला ने दो लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने उन दो में से एक को गिरफ्तार कर लिया है और फिलहाल दूसरे की तलाश जारी है। महिला ने शिकायत में बताया कि दुष्कर्म दो साल पहले हुआ। महिला ने बताया कि वह आरोपी विजय चौधरी उर्फ विरजीभाई महियाल और सद्दाम से जून 2022 में तुर्भे क्षेत्र के एक होटल में मिली थी।
महिला ने आरोप लगाया कि दोनों ने उसके ड्रिंक में कुछ मिलाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने गुरुवार को मामला दर्ज किया। एक अधिकारी ने बताया कि महियाल को गुजरात के बनासकांठा जिले से गिरफ्तार किया गया है, जबकि सद्दाम की तलाश जारी है।
मुंबई कस्टम ने आठ से दस अप्रैल के बीच नौ मामलों में 7.94 किलो से अधिक सोना जब्त किया। इसकी कीमत 4.69 करोड़ रुपये है। सोना यात्री के शरीर और बैग में छिपाकर रखा गया था। एक मामले में यात्री ने सोना एयरपोर्ट स्टाफ को दे दिया। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सऊदी जेल से केरल के व्यक्ति की रिहाई के लिए क्राउडफंडिंग से 34 करोड़ जुटाए
सऊदी अरब में मौत की सजा पाए एक व्यक्ति को बचाने के लिए केरल के लोगों ने क्राउड फंडिंग के जरिये 34 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कोझिकोड के रहने वाले अब्दुल रहीम को 2006 में एक दिव्यांग लड़के की दुर्घटनावश मृत्यु के बाद जेल में डाल दिया गया था। रहीम के ऊपर दिव्यांग की देखभाल की जिम्मेदारी थी। अभिभावकों की ओर से माफी देने से इनकार करने के बाद रहीम को 2018 में मौत की सजा सुनाई गई थी।
क्राउड फंडिंग आयोजकों ने शुक्रवार को कहा कि बहुत निवेदन के बाद परिवार इस बात पर सहमत हुआ कि अगर रहीम 'ब्लड मनी' करीब 34 करोड़ रुपये का भुगतान करता है तो उसे माफ कर दिया जाएगा। इसके बाद रियाद में 75 से अधिक संगठनों, केरल के व्यवसायी बॉबी चेम्मन्नूर, राज्य के विभिन्न राजनीतिक संगठन और आम लोगों ने धन जुटाने में मदद की। आयोजकों ने मामले में पारदर्शिता के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन भी बनाया था।