मुंबई के ग्रांट मेडिकल सरकारी कॉलेज के दो छात्रों को शराब पीने और जूनियर को परेशान करने के आरोप में एक साल के लिए हॉस्टल से निलंबित कर दिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना इसी सप्ताह की है। प्रथम वर्ष के छात्रों की क्लासेस शुरू होने के बाद आरोपी छात्रों ने शराब के नशे में एक नए छात्र को डांस करने के लिए कहा। कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी को इस घटना का पता चला, जिसके बाद उन्होंने दोनों छात्रों को हॉस्टल से निलंबित करने का फैसला किया।
ठाणे में पत्नी की हत्या के 10 दिन बाद पुलिस ने उसके पति को वाराणसी से गिरफ्तार किया। आरोपी पति की पहचान विक्की बबन लोंडे के तौर पर की गई है। उसने आठ अक्तूबर को अपनी पत्नी का गला घोंटा और फिर गले को काट दिया। पुलिस ने ह्यूमन एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सहायता से आरोपी को गुरुवार को वाराणसी से गिरफ्तार किया। तीन साल पहले ही आरोपी की शादी हुई थी। वह अपनी पत्नी और एक साल की बेटी के साथ अंबरनाथ शहर के पालेगांव इलाके में रहता था। बच्ची का ठीक से ध्यान नहीं रखने के लिए वह अपनी पत्नी से नाराज था।
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव का एलान होते ही सीएम चेहरे को लेकर दोनों ही पक्षों में बयानबाजी शुरू हो गई है। अब एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने सीएम पद के लिए दावा कर दिया है। शुक्रवार को पार्टी ने इस मुद्दे पर एक बैठक आयोजित की। इस बैठक में सीएम पद के लिए एकनाथ शिंदे का नाम का समर्थन किया गया।
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने शुक्रवार को धारावी झुग्गी पुनर्विकास परियोजना को दुनिया का सबसे बड़ा जमीन घोटाला करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में सत्ता में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) की वापसी हुई, तो वह इस परियोजना को खत्म करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और शिवसेना (अविभाजित) के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता अतीत की बात है और अब उनकी पार्टी व उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के बीच गहरा और सामंजस्यपूर्ण संबंध हैं।
विपक्षी एमवीए अरबों डॉलर की धारावी पुनर्विकास परियोजना में अनियमितताओं का आरोप लगाती रही है। इस परियोजना का क्रियान्वयन अदाणी समूह कर रहा है। एक इंटरव्यू के दौरान गायकवाड़ ने सवाल किया कि धारावा पुनर्विकास परियोजना के क्रियान्वयन के लिए अदाणी को एक हजार एकड़ जमीन क्यों दी जा रही है?
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक महिला टिकट बुकिंग क्लर्क पर यात्री ने हमला किया। पुलिस के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब महिला क्लर्क रोशनी पाटिल और आरोपी यात्री अंसार शेख के बीच कुछ निपटारे के लोकर बहस हो गई। पुलिस के मुताबिक शेख ने स्थानीय ट्रेन का टिकट खरीदने के लिए काउंटर पर पहुंचने के बाद छुट्टे पैसे को लेकर बहस की। बहस बढ़ने के बाद शेख ने टिकट काउंटर का दरवाजा धकेल दिया और पाटिल के लिए अपशब्द कहे और और लात-मुक्का मारकर घायल कर दिया।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक शेख ने हमले के दौरान घायल महिला से पैसे भी छीन लिए। इस घटना से रेल कर्मचारियों और यात्रियों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मौसम खराब होने के चलते मुख्यमंत्री शिंदे का हेलीकॉप्टर उतारा गया
पुणे और सतारा में मौसम साफ था। लेकिन हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने के बाद अचान कुछ बादल बन गए। हालांकि, पायलट ने कोई आपात स्थिति होने की सूचना नहीं दी। फिर भी सुरक्षा के मद्देनजर पायलट ने हेलीकॉप्टर को वापस लौटाने का फैसला लिया। हेलीकॉप्टर करीब चार बजे आसपास पांच मिनट में ही उतारा गया। बाद में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुणे हवाई अड्डे की यात्रा के लिए सड़क मार्ग अपनाया। सतारा जिला के पुलिस अधीक्षक समीर शेख ने यह जानकारी दी।