महाराष्ट्र के नवी मुंबई में नौकरी ढूंढने वाले कई उम्मीदवारों से 1.31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी भारतीय रेलवे में नौकरी दिलाने का वादा करके 20 लोगों से संपर्क किया। सितंबर 2022 से लेकर अप्रैल 2023 तक उन्होंने उम्मीदवारों से 1.31 करोड़ रुपये जुटा लिए। आरोपियों में से एक ने इन रुपयों का इस्तेमाल निजी काम में किया। जब सभी उम्मीदवारों ने नौकरी के लिए आरोपियों से संपर्क किया तो उनके पास कोई जवाब नहीं था। उम्मीदवारों को यकीन हो गया कि उनके साथ धोखा हुआ है। उन्होंने सोमवार को छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 406 और 34 के तहत मामला दर्ज किया।
ठाणे में 71 वर्षीय बुजुर्ग से धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश पर अच्छे रिटर्न का वादा कर बुजुर्ग और उनके एक दोस्त से 16.48 लाख रुपये लूट लिए। आरोपियों ने खुद को क्रिप्टोकरेंसी का कारोबार करने वाली कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उन्होंने ठाणे के मुंब्रा और डोंबिवली इलाके में अपना कार्यालय बताया। पिछले साल उन्होंने बुजुर्ग और उनके दोस्त को क्रिप्टोकरेंसी में निवेश पर अच्छे रिटर्न का वादा किया। हालांकि, बाद में पीड़ित को कोई रिटर्न नहीं मिला। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को 10 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को 'संविधान बचाओ महाराष्ट्र बचाओ' कार्यक्रम में जमकर हंगामा किया। इस कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के संस्थापक-राष्ट्रीय संयोजक श्याम मानव ने किया था। दशरथ माधवी की टिप्पणी पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू किया था। दरअसल, कार्यक्रम के दौरान दशरथ माधवी ने कहा कि 2014 से ही भारत का संविधान खतरे में है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। यह कार्यक्रम महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के कुछ दिन पहले आयोजित की गई। बता दें कि राज्य में 20 नवंबर को मतदान होने वाला है।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लोनावला के पास एक बस की भारी वाहन से टकरा गई। जिसमें 23 यात्री घायल हो गए। 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा आज सुबह करीब पांच बजे हुआ। पुलिस ने बताया कि बस कोल्हापुर से मुंबई के बोरीवली जा रही थी, जब यह हादसा हुआ। लोनावला के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऐसा लगता है कि बस के चालक को नींद आ गई, जिसके कारण बस कंटेनर या ट्रेलर जैसे भारी वाहन से पीछे से टकरा गई। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुंबई में भारत के सबसे बड़े जनरेटिव एआई हैकथॉन का आयोजन
मुंबई जनरेटिव एआई नवाचार की अगली लहर का नेतृत्व करने के लिए तैयार है। टेक एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन ऑफ मुंबई (टीईएएम) और मेड इन मुंबई ने एनवीडिया, मेटा, क्वांटिफी और एटलस स्किल टेक यूनिवर्सिटी के सहयोग से भारत के सबसे बड़े हैकथॉन 'मुंबई हैक्स' का आयोजन करने की घोषणा की है। यह कार्यक्रम 25 और 26 अक्तूबर 2024 को मुंबई के बीकेसी स्थित एटलस स्किल टेक यूनिवर्सिटी में होगा। इस कार्यक्रम के साथ ही, मुंबई इस हफ्ते एख ऐतिहासिक एआई वीक का आयोजन करेगा, जिसका शुभारंभ एनवीडिया के प्रमुख एआई समिट से होगी। यह समिट दुनिया के तीन प्रमुख सम्मेलनों में से एक है, जो वॉशिंगटन डी.सी. और जापान के साथ आोयजित हो रहा है। मुंबई हैक्स 2024 में 2000 से ज्यादा डेवलपर्स के भाग लेने की उम्मीद है।