पुणे में एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर दी। मृतक की पहचान 33 वर्षीय भरत असमर के तौर पर की गई है। अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि आत्महत्या का कारण व्यक्तिगत समस्याएं हो सकती है।
गुरुवार की रात को मृतक टॉयलेट गया और खुद को अंदर बंद कर लिया। सुबह के तीन बजे के करीब उसने खुद को गोली मार ली। इस घटना का खुलासा शुक्रवार की दोपहर को हुआ। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
मुंबई: पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मंगलवार को 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसे मुंबई के एंटॉप हिल इलाके में एक व्यक्ति पर कथित तौर पर गोली चलाने और उसके घायल के आरोप में गिरफ्तार किाय गया था। बाद में कोरोना महामारी के दौरान उसे रिहा कर दिया गया था।
एक अधिकारी ने बताया कि विवेक शेट्टियार को कोविड-19 महामारी के दौरान रिहा किया गया था। लेकिन पैरोल खत्म होने पर वह जेल नहीं लौटा। वह शहर में दो अन्य लोगों की हत्या की भी कथित तौर पर साजिश रच रहा था। अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने उसे पड़ोसी ठाणे जिले डोंबिवली से गिरफ्तार किया। इससे पहले स्थानीय पुलिस ने साजिश रचने के आरोप में उसकी पत्नी और एक दोस्त को गिरफ्तार किया था।
रायगढ़: दो बच्चों की हत्या के आरोप में महिला गिरफ्तार
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक 25 वर्षीय महिला को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया। महिला अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती थी, जिस वजह से उसने कथित तौर पर अपने दो बच्चों की हत्या कर दी थी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि महिला शीतल पॉल ने 31 मार्च को अपनी पांच साल की बेटी और तीन साल के बेटे की कथित तौर पर हत्या की। उन्होंने कहा कि वह अपने पति को छोड़ना चाहती थी और उस आदमी से शादी करना चाहती थी जिसके साथ उसके अफेयर चल रहा था। इसमें बच्चे उसकी राह में बाधा बन रहे थे। महिला ने 31 मार्च को कथित तौर पर अपने बच्चों का उस समय गला घोंट दिया जब उसके पति घर पर नहीं थे। जब पति लौटा तो उसने उसे बताया कि वे सो रहे थे।
इसके बाद पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो महिला ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। जिस व्यक्ति के साथ उसके अवैध संबंध थे, उससे भी पूछताछ की गई। अधिकारी ने बताया कि एक अदालत ने मंगलवार को महिला को मंगलवार को पुलिस की तीन दिन की हिरासत में भेज दिया और मामले की जांच जारी है।