फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: टेम्पो का पीछा करते वक्त ट्रैफिक वार्डन की मौत; ट्रक ने पांच गाड़ियों को मारी टक्कर, तीन की मौत

Mon, 21 Apr 2025 01:33 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मुंबई के कोस्टल रोड पर नियम तोड़कर जा रहे एक टेम्पो का पीछा करते हुए एक ट्रैफिक वार्डन की समुद्र में गिरकर मौत हो गई। यह हादसा शनिवार शाम को दक्षिण मुंबई में हुआ। पुलिस के मुताबिक, 38 साल के ट्रैफिक वार्डन रफीक वज़ीर शेख उस टेम्पो का पीछा कर रहे थे, जो टाटा गार्डन से वर्ली की ओर जा रहा था और भारी वाहनों के प्रतिबंध वाले कोस्टल रोड पर घुस आया था। रफीक शेख स्कूटर से टेम्पो के पीछे दौड़े, लेकिन एक मोड़ पर उनके स्कूटर का संतुलन रेत के कारण बिगड़ गया। स्कूटर सीमेंट की रेलिंग से टकराया और शेख अरब सागर में गिर पड़े।

एक सतर्क मोटर चालक ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद दमकल और सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची और शेख को बाहर निकाला। उन्हें नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।गामदेवी पुलिस स्टेशन में इस मामले को दुर्घटनावश मौत के रूप में दर्ज किया गया है और जांच जारी है। बता दें कि कोस्टल रोड मुंबई के मरीन ड्राइव से वर्ली तक समुद्र के किनारे फैला एक अहम सड़क प्रोजेक्ट है, जहां भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है।

विज्ञापन

लोनावला के पास ट्रक ने पांच गाड़ियों को मारी टक्कर, हादसे में पिता-बेटी समेत 3 की मौत
महाराष्ट्र के लोनावला हिल स्टेशन के पास पुराने पुणे-मुंबई हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। रविवार रात करीब 10:20 बजे, बोरघाट के बैटरी हिल इलाके में एक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और वह ढलान पर अनियंत्रित होकर पांच वाहनों से टकरा गया। इस हादसे में एक कार में बैठे 10 साल की एक बच्ची, उसके पिता और एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 12 लोग घायल हो गए हैं। लोनावला पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक सुहास जगताप ने बताया कि ट्रक का ब्रेक फेल होने से यह हादसा हुआ। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और घटना की जांच जारी है। यह इलाका ढलान और तीखे मोड़ों के कारण अक्सर दुर्घटनाओं के लिए संवेदनशील माना जाता है।

जालना में आंधी से पंडाल गिरा, 25 लोग घायल
महाराष्ट्र के जालना जिले में शिव महापुराण कथा के लिए लगाया गया पंडाल आंधी के चलते गिर गया, जिसमें 25 लोग घायल हुए हैं। घटना रविवार दोपहर करीब एक बजे हुई। अधिकारियों ने बताया कि जिले के बजरखेड़ा गांव में महारुद्र यज्ञ के अवसर आयोजित कथा के दौरान यह हादसा हुआ। 16 लोगों का जालना जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। अस्पताल के डॉक्टर नितिन पवार ने बताया कि लोगों को सिर में चोट लगी है, लेकिन की स्थिति गंभीर नहीं है। शेष घायलों को ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया गया।

संतोष महाराज अधवने कथा कह रहे थे, जिससे सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। अधिकारियों ने बताया कि लोहे की छड़ों की मदद से बनाया गया अस्थायी मंडप तेज हवाओं के कारण ढह गया। इसका आवरण नीचे जमा श्रद्धालुओं पर गिर गया। हालांकि, घायलों को अस्पताल भेजने और मंडब को दोबारा ठीक करने के बाद कथा जारी रही।

रेलवे ट्रैक पर चल रहे दो लोगों की लोकल ट्रेन की चपेट में आने से मौत
वहीं, ऐरोली स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर चल रहे दो लोगों की लोकल ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना सेंट्रल रेलवे के ट्रांस-हार्बर रूट पर ऐरोली स्टेशन के पास चिंचपाड़ा पुल के नीचे हुई। जीआरपी के एक अधिकारी ने इस हादसे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान सागर सोनावणे (20) और सचिन टोकड़े (35) के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामले में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है।
 

राष्ट्रपति पदक विजेता पूर्व पुलिसकर्मी को हत्या मामले में उम्रकैद
राष्ट्रपति पदक विजेता पूर्व पुलिसकर्मी अभय कुरुंदकर को 2016 में पुलिस अधिकारी अश्विनी बिद्रे की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई। 
 
विज्ञापन

नागपुर: अल्पसंख्यक लोकतांत्रिक पार्टी के प्रमुख मोहम्मद हनीफ को जमानत मिली
नागपुर की एक सत्र अदालत ने सोमवार को अल्पसंख्यक लोकतांत्रिक पार्टी के प्रमुख मोहम्मद हनीफ को जमानत दी। हनीफ को पिछले महीने हिंसा को भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। 17 मार्च को अफवाहें फैलीं कि छत्रपति संभाजीनगर जिले में औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन हो रहा है और पवित्र शिलालेखों वाली एक चादर को जलाया जा रहा है। जिसके बाद नागपुर के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर पत्थरबाजी और आगजनी की खबरें सामने आईं। नागपुर साइबर पुलिस ने 19 मार्च को हनीफ को कथित तौर पर दंगे भड़काने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेश जारी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें