फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: युवक पर ताकझांक का केस, करोड़ों का एम्बरग्रीस जब्त; होर्डिंग हादसे के आरोपी को नहीं मिली जमानत

Wed, 22 Jan 2025 08:35 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक महिला के घर की खिड़की से कथित तौर पर झांकने के आरोप में 43 वर्षीय एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शख्स पर उस वक्त ताकझांक करने का आरोप है, जब वह नहा रही थी। घटना सोमवार सुबह कल्याण इलाके के परशुरामवाड़ी में हुई। कोलसेवाड़ी पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि 35 वर्षीय महिला की शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 77 (ताक-झांक) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।

विज्ञापन


दूसरी ओर पुलिस ने एक व्यक्ति से पांच करोड़ रुपये की कीमत का ‘एम्बरग्रीस’ (व्हेल की उल्टी) बरामद किया। ‘एम्बरग्रीस’ एक ठोस और मोम जैसा पदार्थ है जो स्पर्म व्हेल की आंतों में उत्पन्न होता है। इसे अक्सर फ्लोटिंग गोल्ड कहा जाता है, क्योंकि महंगे परफ्यूम में इस्तेमाल होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसकी बहुत अधिक कीमत मिलती है।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन गायकवाड ने बताया कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, अपराध इकाई की टीम ने सोमवार को राबोडी इलाके में नजर रखी गई और संदेह के आधार पर 53 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 5.48 किलोग्राम ‘एम्बरग्रीस’ बरामद किया, जिसकी कीमत पांच करोड़ रुपये है।
विज्ञापन


होर्डिंग हादसे के आरोपी को नहीं मिली जमानत
मुंबई की एक अदालत ने बुधवार को घाटकोपर होर्डिंग हादसे के मुख्य आरोपी व्यवसायी अरशद खान को जमानत देने से इनकार कर दिया।  अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सचिन पवार ने 42 वर्षीय व्यवसायी की जमानत याचिका खारिज कर दी। आरोपी अरशद खान को पिछले महीने लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था। हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई और 84 घायल हो गए थे।

मुंबई में कार डीलर के दफ्तर में आग
मुंबई के कलिना इलाके में एक कार डीलर के कार्यालय में बुधवार सुबह आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि कलिना इलाके में सीएसटी रोड पर स्थित बीएमडब्ल्यू कार डीलर नवनीत मोटर्स के प्रथम तल पर सुबह सात बजकर 44 मिनट पर आग लग गई। दमकल के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारण वहां हर तरफ धुआं फैल गया, हालांकि आग सिर्फ कार्यालय में रखे सामान में लगी।

नागपुर में डिवाइडर से टकराई कार, बुजुर्ग महिला की मौत, छह घायल 
नागपुर के पास समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, कार में सवार लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर नागपुर से वाशिम लौट रहे थे। मृतका की पहचान 67 वर्षीय आशादेवी रमेशचंद्र लाहोटी के रूप में हुई है, जबकि घायलों में वाशिम निवासी चालक रोहित लाहोटी (36) और उनकी पत्नी तिलक (32), रोशन लाहोटी (35), लातूर निवासी विट्ठल राठी (45), अकोला निवासी दिनेश मालानी और उनकी पत्नी सुनीता शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों का इलाज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नागपुर में चल रहा है। पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। 

रेलवे गोलीकांड: आरपीएफ के पूर्व कांस्टेबल को मनोचिकित्सालय भेजने का निर्देश
अदालत ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के पूर्व कांस्टेबल चेतन सिंह चौधरी को मानसिक चिकित्सा जांच के लिए ठाणे मनोरोग अस्पताल में भेजने का आदेश दिया। अदालत ने यह आदेश अकोला जेल के अधिकारियों के यह सूचित किए जाने के बाद दिया कि चौधरी मानसिक विकार से पीड़ित है। अदालत ने कहा कि चिकित्सा जांच के दौरान आरोपी को ठाणे जेल में रखा जाएगा। चौधरी पर 31 जुलाई, 2023 को पालघर रेलवे स्टेशन के पास जयपुर-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस में अपने वरिष्ठ सहयोगी सहायक उप-निरीक्षक टीका राम मीणा और तीन यात्रियों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। वह इस समय मुंबई से करीब 550 किलोमीटर दूर अकोला जेल में बंद है। अभियोजन पक्ष ने कहा कि उसे चौधरी के इलाज पर कोई आपत्ति नहीं है और मुकदमे की सुविधा के लिए उसे ठाणे के क्षेत्रीय मनोरोग अस्पताल में स्थानांतरित किया जा सकता है।

अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों को जल्द वापस भेजें: मिलिंद देवड़ा
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हुए हमले के बाद शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने महाराष्ट्र सरकार से अपील की है कि राज्य में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों को जल्दी से वापस भेजा जाए। देवड़ा ने कहा कि यह घटना बहुत चिंताजनक है और इससे मुंबई की सुरक्षा को खतरा है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि राज्य में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों की जांच की जाए और उन एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए जो नौकरी देने से पहले दस्तावेजों की जांच नहीं करतीं।

फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन में अनियमितताओं को स्वीकार किया
महाराष्ट्र के कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे ने मंगलवार को किसानों के लिए एक रुपये की फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन में अनियमितताओं को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि लाभ का दावा करने के लिए पूजा स्थलों को कृषि भूमि के रूप में दिखाया गया। मंत्री ने कहा कि एक फर्जी उद्योग सामने आया है, जिसमें अपात्र लोगों ने भी योजना का लाभ लेने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि आवेदन करने वालों में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो महाराष्ट्र के नहीं हैं। हालांकि, मंत्री ने स्पष्ट किया कि फर्जी आवेदनों से जुड़े बैंक खातों में कोई पैसा नहीं गया है। कोकाटे ने बताया कि योजना में मस्जिदों, मंदिरों और खाली जमीनों को गलत तरीके से कृषि भूमि के रूप में दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि मैंने जिला कलेक्टरों को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बता दें कि इस योजना को देवेंद्र फडणवीस ने बतौर उपमुख्यमंत्री 2023 में शुरू किया था। इस योजना के तहत किसान केवल एक रुपये में फसल बीमा करवा सकते हैं। इससे पहले किसानों को बीमा प्रीमियम का 2 फीसदी चुकाना पड़ता था। 

ठाणे में बच्ची को पीटने के आरोप में शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज

ठाणे में एक छह सल की बच्ची को धातु की स्केल से मारने के आरोप में प्राइवेट स्कूल के एक शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। यह घटना 15 जनवरी की है। इस घटना में बच्ची घायल हो गई। स्कूल ने 32 वर्षीय शिक्षक को वार्षिक समारोह कार्यक्रम में बच्चों को ट्रेनिंग देने के लिए रखा था। 15 जनवरी को शिक्षक ने बच्ची से पूछा कि वह एक दिन पहले स्कूल क्यों नहीं आई। डांस प्रैक्टिस के दौरान उसने बच्ची को बुरी तरह से पीटा। बच्ची की मां ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन

रेलवे के खिलाफ निकाला मार्च
मुंबई के जोगेश्वरी पूर्व में रेलवे सीमा में स्थित अनधिकृत मकान पर रेलवे प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर झुग्गीवासियों ने मार्च निकाला। जोगेश्वरी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। मुंबई पुलिस ने बताया कि बिना अनुमति के विरोध प्रदर्शन कर रहे झुग्गीवासियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने महाराष्ट्र सरकार को अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने महाराष्ट्र के गृह विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखा  है। मंत्रालय ने यह पत्र शिवसेना के पूर्व सांसद राहुल शेवाले द्वारा अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के खिलाफ एक ज्ञापन दिए जाने के बाद लिखा है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें