फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: मुंबई में छह साल के बच्चे का यौन उत्पीड़न, स्कूल का चपरासी गिरफ्तार

Fri, 08 May 2026 03:41 PM IST
अमन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने नासिक के मुंगसरे इलाके में किसानों के साथ हुई मारपीट का मामला संसद में उठाने का फैसला किया है। यह विवाद नासिक रिंग रोड के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के दौरान शुरू हुआ। 2 मई को जब अधिकारी जमीन की नाप-जोख करने पहुंचे, तो किसानों के साथ उनकी झड़प हो गई। किसानों का आरोप है कि पुलिस और अधिकारियों ने उनके घरों में घुसकर महिलाओं और बच्चों तक को पीटा।
विज्ञापन


संजय राउत ने पत्रकारों से कहा कि आगामी कुंभ मेले के लिए बनने वाले इस रिंग रोड प्रोजेक्ट में बिल्डरों का दबाव काम कर रहा है। उन्होंने इस मामले को लेकर जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद से मुलाकात की। राउत ने बताया कि सहायक कलेक्टर जीवीएस पवनदत्त पर किसानों को पीटने का आरोप है और कलेक्टर ने उन्हें नोटिस जारी किया है। राउत ने मांग की है कि सरकार किसानों की जमीन जबरन न ले और सड़क का रास्ता बदला जाए। इस प्रोजेक्ट से गोवर्धन, चंडी, जलालपुर और मुंगसरे समेत कई गांवों के किसान प्रभावित हो रहे हैं।

पुणे: पारिवारिक झगड़े में पिता ने ली बेटी की जान, बेटा बाल-बाल बचा
पुणे के जुन्नर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी 3 साल की बेटी हर्षदा की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी सागर सदाशिव शिंदे ने अपने 5 साल के बेटे आर्यन को भी मारने की कोशिश की, लेकिन वह खुशकिस्मती से बच गया। पुलिस ने बताया कि सागर का अपनी पत्नी के साथ अक्सर झगड़ा होता था। उसकी पत्नी 6 महीने पहले उसे और बच्चों को छोड़कर चली गई थी।
विज्ञापन


इसी तनाव में सागर मंगलवार को बच्चों को घुमाने के बहाने जंगल ले गया। वहां उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना का पता तब चला जब बुधवार सुबह राहगीरों ने आर्यन को सड़क किनारे रोते हुए देखा। सागर ने घर लौटकर परिवार को गुमराह करने की कोशिश की और कहा कि बच्चे चाकन में एक कमरे पर हैं। शक होने पर रिश्तेदारों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो सागर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

गडकरी से तारीफ पाने वाले आरटीओ अधिकारी सस्पेंड
महाराष्ट्र सरकार ने नागपुर के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) किरण बिडकर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई एक जानलेवा सड़क हादसे में लापरवाही बरतने के आरोप में की गई है। पिछले साल सितंबर में एक स्कूल वैन और बस की टक्कर हुई थी, जिसमें एक छात्र और ड्राइवर की मौत हो गई थी। जांच में सामने आया कि उस स्कूल वैन के पास वैध फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं था। सरकार ने इसे बिडकर की ड्यूटी में बड़ी लापरवाही माना है।

हैरानी की बात यह है कि अभी 2 मई को ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सड़क सुरक्षा के लिए बिडकर के काम की तारीफ की थी। गडकरी ने पत्र लिखकर उनके द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियानों और हेलमेट रैलियों को सराहा था। हालांकि, सरकार ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। बिडकर पिछले दो दिनों में सस्पेंड होने वाले चौथे बड़े आरटीओ अधिकारी हैं। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय मुंबई स्थित परिवहन आयुक्त कार्यालय रहेगा और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक जांच चलेगी।

नांदेड़: लावारिस गोदाम से साढ़े चार हजार से अधिक हथियार बरामद
महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर में पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह एक लावारिस गोदाम पर छापा मारकर 4,796 धारदार हथियार जब्त किए हैं। इनकी कुल कीमत लगभग 43 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, जब्त हथियारों में तलवारें, खंजर और गुप्ति शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार ने बताया कि अबचलनगर इलाके में अवैध हथियारों के भंडारण की सूचना मिली थी। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, जिसकी निशानदेही पर यह बरामदगी हुई।
विज्ञापन

मुंबई में छह साल के बच्चे का यौन उत्पीड़न

मुंबई के गोवंडी इलाके में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां 45 वर्षीय एक स्कूल चपरासी को छह साल के बच्चे के साथ कथित रूप से गलत हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना एक स्थानीय स्कूल में हुई। पुलिस के मुताबिक, बच्चा स्कूल से घर लौटने के बाद काफी डरा हुआ था। शुरुआत में उसने किसी से कुछ नहीं कहा, लेकिन बाद में हिम्मत जुटाकर उसने अपने परिवार को पूरी घटना के बारे में बताया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बच्चे को लेकर तुरंत गोवंडी पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्कूल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना कब और कैसे हुई। इसके साथ ही पुलिस स्कूल के अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके। इस घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों में गहरी चिंता और नाराजगी है। उनका कहना है कि स्कूल प्रशासन को गैर-शिक्षण कर्मचारियों की बेहतर जांच और निगरानी करनी चाहिए थी।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें