पूर्वी महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में 11 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। इनमें सीनियर कमांडर अनंत उर्फ विनोद सय्याना भी शामिल है। सरकार ने विनोद पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को मिलाकर 89 लाख रुपये का इनाम का घोषित था। शुक्रवार को हुए इस सरेंडर के संबंध में गढ़चिरोली रेंज के डीआईजी अंकित गोयल ने बताया कि सरेंडर करने वाले सभी नक्सली प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) के दरेकासा दलम से जुड़े थे। उन्होंने बताया कि MMC (महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़) क्षेत्र में दरेकासा दलम सबसे सक्रिय समूह रहा है। आत्मसमर्पण करने वाले अधिकांश सदस्य अब मुख्यधारा में आना चाहते हैं। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में विनोद सय्याना (40), पांडू वड्डे (35), रानी उर्फ रमे येसु नारोटे (30), संतू पोरेटी (35), शेवंती पांद्रे (32), काशी राम बंतुला (62), नक्के करा (55), सन्नू मुडियम (27), साडू सोटी (30), शीला मदावी (40) और रितु डोडी (20) शामिल हैं। तेलंगाना के करीमनगर जिले के रहने वाले विनोद ने अत्याधुनिक हथियार एके-47 के साथ आत्मसमर्पण किया।
ठाणे में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़, थाई महिला अरेस्ट
महाराष्ट्र के ठाणे में देह-व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने थाईलैंड की एक महिला को गिरफ्तार भी किया है। उस देश की दो महिलाओं को रेस्क्यू भी किया गया है। कासरवडावली थाने के अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वेश्यावृत्ति में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। महिला पर विदेशी नागरिक सप्लाई करने का आरोप भी लगा है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला और बचाई गई पीड़िताओं के वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी। मामला दर्ज कर दोनों को महिला आश्रय गृह भेजा गया है।