महाराष्ट्र में परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद उत्साहित बच्चे
- फोटो : पीटीआई
महाराष्ट्र में माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा परिणाम जारी कर दिए हैं। 95.81 फीसदी परीक्षार्थियों को उत्तीर्ण घोषित किया गया है। 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले सबसे अधिक छात्र लातूर संभाग से सामने आए हैं। एक जुड़वां परीक्षार्थी को भी 100 फीसदी अंक मिले हैं। लड़कियों ने लड़कों को पीछे छोड़ दिया है। 97.21 फीसदी लड़कियां पास हुई हैं, जबकि 94.56 प्रतिशत लड़के परीक्षा में सफल घोषित किए गए हैं। राज्य के आठ संभागों में से कोकण संभाग का परिणाम सबसे शानदार रहा। यहां 99.01 फीसदी छात्र पास हुए। नागपुर संभाग में 94.73 प्रतिशत बच्चे उत्तीर्ण हुए हैं। कोल्हापुर में 97.45 प्रतिशत, पुणे में 96.44 फीसदी, मुंबई में 95.83 %, अमरावती में 95.58 प्रतिशत, लातूर में 95.27 फीसदी और छत्रपति संभाजीनगर में 95.19 प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं।
महाराष्ट्र के बीड जिले में दो जातीय गुटों के बीच तनाव के मामले में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम अजित पवार ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। एक विशेष समुदाय के खिलाफ कथित तौर पर टिप्पणी वाला एक वीडियो वायरल होने के बाद दो गुटों के बीच तनाव बढ़ गया है। दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने शांति बनाए रखने और ऐसी टिप्पणियों से बचने की अपील की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर मराठा और वंजारी समुदायों के बीच तनाव की पृष्ठभूमि में रविवार को वायरल हुई थी। इसमें कुछ ग्रामीणों को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मराठा समुदाय के किसी भी 'महाराज' (धार्मिक उपदेशक) को गांव में आमंत्रित नहीं किया जाना चाहिए। एक शख्स को धमकी देते भी सुना गया कि इसका उल्लंघन करने वाले लोगों को दंडित किया जाएगा।
नागपुर में पूर्व सैनिक की हत्या के आरोप में पिता-पुत्र गिरफ्तार
नागपुर पुलिस ने भारतीय वायुसेना के पूर्व सैनिक हरीश दिवाकर कराडे (60) की कथित तौर पर हत्या के आरोप में सोमवार को वकील अश्विन मधुकर वासनिक (56) और उसके बेटे अविष्कार अश्विन वासनिक (23) को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि रविवार रात हरीश नागपुर की हुडको कॉलोनी स्थित वकील के घर गया था। जहां पर उसकी वकील और उसके बेटे से बहस हो गई। इस दौरान पिता-पुत्र ने हरीश पर कुल्हाड़ी, पाइप और चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हरीश की पत्नी की शिकायत पर पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। एक अदालत ने सोमवार को दोनों को 29 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
मुंबई पुलिस की 50 बार-पब पर छापेमारी
मुंबई पुलिस ने सोमवार को एक साथ 50 बार और पब पर छापेमारी की। कुछ बार में अवैध गतिविधियां पाए जाने पर पुलिस ने पांच संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। छापेमारी अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।
47.1 डिग्री तापमान के साथ ब्रह्मपुरी महाराष्ट्र में सबसे गर्म रहा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा कि सोमवार को चंद्रपुर जिले के ब्रह्मपुरी में तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो महाराष्ट्र में सबसे अधिक है। इसके अलावा विदर्भ क्षेत्र में कई स्थानों पर भीषण गर्मी का अनुभव हुआ, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर गया।
वहीं, नागपुर में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री, अमरावती 45.0, वर्धा 45.0, चंद्रपुर 44.8, भंडारा 44.5, गोंदिया 44.5, गढ़चिरौली 44.0, यवतमाल 42.5, अकोला 42.2 और वाशिम में अधिकतम तापमान 41.2 दर्ज किया गया। आईएमडी नागपुर के अनुसार मंगलवार को चंद्रपुर, अकोला और यवतमाल में और अकोला में बुधवार को लू चलने की संभावना है।
मुंबई कस्टम ने पकड़ा 10 किलो सोना, तीन लोग गिरफ्तार
मुंबई कस्टम विभाग ने 23 से 26 मई के बीच सीमा शुल्क न देने पर 10.60 किलोग्राम से अधिक सोना और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान जब्त किया है, जिसकी कीमत 8.68 करोड़ रुपये है। वहीं, कस्टम विभाग ने 31 मामलों में विदेशी मुद्रा 0.17 करोड़ रुपये जब्त की। इसके साथ ही तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने इलेक्ट्रिक आयरन, जूते और मलाशय में सोना छुपाया हुआ था।
घाटकोपर होर्डिंग मामले में एसआईटी ने जीआरपी एसीपी को पूछताछ के लिए बुलाया
घाटकोपर होर्डिंग मामले में क्राइम ब्रांच की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने मुंबई जीआरपी के एसीपी शाहजी निकम को मंगलवार को पूछताछ के लिए बुलाया है। क्राइम ब्रांच ईजीओ मीडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को दिए गए होर्डिंग कॉन्ट्रैक्ट के बारे में जानकारी हासिल करना चाहती है। बता दें कि तेज हवा और बारिश के चलते घाटकोपर में एक पेट्रोल पंप के ऊपर 13 मई को बड़ा होर्डिंग गिर गया था, जिसके नीचे दबने से 17 लोगों की मौत हो गई थी।