फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: धर्मांतरण रोकने के लिए बनेगा कानून; मराठी को लेकर मचे बवाल के बीच मीरा-भयंदर के कमिश्नर का तबादला

Wed, 09 Jul 2025 02:27 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र में फडणवीस सरकार धर्मांतरण रोकने के लिए कड़ा कानून बनाने जा रही है। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने राज्य विधानसभा में इस बात की जानकारी दी। वे राज्य विधानसभा में भाजपा के अनूप अग्रवाल और अन्य द्वारा उठाए गए मुद्दे पर बहस का जवाब दे रहे थे। बावनकुले ने कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात करेंगे कि कड़े प्रावधानों के साथ धर्मांतरण विरोधी कानून कैसे लाया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में धर्मांतरण रोकने के लिए एक सख्त कानून बनाया जाएगा।

विज्ञापन


बावनकुले ने यह भी कहा कि उन्होंने संबंधित संभागीय आयुक्त को धुले-नंदुरबार क्षेत्र में अनधिकृत चर्चों की जांच करने और उन्हें छह महीने में ध्वस्त करने का निर्देश दिया है।

मीरा-भयंदर के पुलिस कमिश्नर मधुकर पांडे का तबादला
मीरा-भयंदर के पुलिस कमिश्नर मधुकर पांडे का तबादला हो गया है। उनकी जगह निकेत कौशिक नए पुलिस कमिश्नर होंगे। बता दें कि यह कार्रवाई मीरा-भयंदर क्षेत्र में मराठी भाषा को लेकर हाल में हुई हिंसक घटनाओं के बीच हुई है। बता दें कि पिछले हफ्ते महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने मराठी न बोलने पर एक दुकानदार पर हमला किया था।

विज्ञापन

नागपुर में दो बार हत्या के आरोपी ने दोस्तों ने की हत्या की
गोंडवाना चौक में मंगलवार तड़के एक चौंकाने वाली घटना में 31 वर्षीय अजय मुरलीधर गाटे की उसी के दोस्तों ने बेरहमी से हत्या कर दी। अजय पर पहले दो हत्या के मामले दर्ज थे। सदर पुलिस थाने के एक अधिकारी के अनुसार, अजय ने पहले करन यादव और अमन यादव नाम के दो भाइयों को डबल मर्डर केस के बाद पुलिस से बच निकलने में मदद की थी। लेकिन बाद में अजय ने उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया और पैसों की मांग करने लगा।

इससे नाराज होकर करन और अमन यादव ने अपने साथी अखिलेश कांगली, अनुप उर्फ करन और मुकेश उर्फ अमन के साथ मिलकर अजय को मारने की साजिश रची। मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे गोंडवाना चौक पर उन्होंने अजय पर ईंट, पत्थर और हथियारों से हमला कर दिया। अजय की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, करन और अमन यादव फरार हैं, जबकि बाकी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

 

डिप्टी सीएम शिंदे बोले- महाराष्ट्र के बेटे, CJI गवई को महाराष्ट्र विधानसभा में किया गया सम्मानित
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) बीआर. गवई को आज महाराष्ट्र विधानसभा में सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि गवई साहब महाराष्ट्र के बेटे हैं और उन्हें देश के सबसे बड़े पद पर नियुक्त किया गया है। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। आज पहली बार विधानसभा के इतिहास में किसी मुख्य न्यायाधीश को केंद्रीय हॉल में सम्मानित किया गया है। शिंदे ने इसे महाराष्ट्र के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताया।

मुंबई को पानी देने वाला मोडकसागर बांध लगभग भर चुका
मोडकसागर बांध, जो मुंबई को पीने का पानी सप्लाई करने वाले सात प्रमुख बांधों में से एक है, उसका जलस्तर 99.74% तक पहुंच चुका है और कभी भी ओवरफ्लो (पानी बहना) हो सकता है। यह जानकारी अधिकारियों ने मंगलवार को दी। बांध ठाणे जिले में स्थित है और वैतरणा नदी पर बना हुआ है। सरकार ने वैतरणा नदी के किनारे बसे गांवों और नीचे के इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया है। लोगों से कहा गया है कि वे सावधानी बरतें और जरूरी कदम उठाएं।

मंगलवार रात को जारी सरकारी बयान में बताया गया कि सभी संबंधित सरकारी एजेंसियों को सुरक्षा और आपातकालीन इंतजामों के लिए निर्देश दे दिए गए हैं ताकि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले अन्य बांधों में मिडल वैतरणा, भातसा, अपर वैतरणा, तांसा, विहार और तुलसी शामिल हैं।

12 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म के आरोप में कराटा प्रशिक्षक गिरफ्तार
12 वर्षीय युवती के साथ सात महीने से दुष्कर्म करने के आरोप में मुंबई पुलिस ने एक कराटे प्रशिक्षक को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को सोमवार रात को गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने बताया कि वह दादर के शिवाजी पार्क इलाके में अपनी कक्षाओं में लड़की का यौन शोषण कर रहा था और उसे धमका रहा था कि अगर उसने किसी को इसके बारे में बताया तो उसे इसके परिणाम भुगतने होंगे।

उन्होंने बताया कि वह लड़की को यह कहकर धमकाता था कि वह उसकी मां को गलत बता देगा कि वह गंदे काम में शामिल है। इसके साथ ही प्रशिक्षक ने लड़कियों को यह कहकर भी धमकाया कि अगर उसने उसके बारे में किसी को बताया तो वह उसकी मां को नुकसान पहुंचाएगा।

रिश्वत लेते हुए महाराष्ट्र पावर कंपनी के अधिकारी गिरफ्तार

महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के डिप्टी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। बिजली कंपनी के अधिकारी कथित तौर पर पांच हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे। एक व्यक्ति, जिसकी कंपनी केबल्स लगाने का काम करती है, उसने तीन हाई वोल्टेज केबल्स को अलग जगह स्थापित करने के लिए लाइसेंस देने की मांग की थी, जिसके लिए अधिकारी ने रिश्वत की मांग की। इस पर व्यक्ति ने भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाकर आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। 

 

ऑनलाइन लॉटरी और गेमिंग प्लेटफॉर्म पर कानून लाएगी सरकार
महाराष्ट्र सरकार जल्द ही केंद्र सरकार से ऑनलाइन लॉटरी और गेमिंग प्लेटफॉर्म पर नियंत्रण के लिए एक विशेष कानून बनाने की मांग करेगी। यह जानकारी राज्य के गृह (ग्रामीण) राज्य मंत्री पंकज भोयर ने विधानसभा में दी।उन्होंने यह जवाब विधायक किशोर जॉर्जवार के एक सवाल पर दिया। मंत्री भोयर ने बताया कि राज्य में ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग से जुड़ी साइबर अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

जनता को जागरूक करने के प्रयास
भोयर ने बताया कि महाराष्ट्र साइबर विभाग इस चुनौती से निपटने के लिए कई पहल कर रहा है। सोशल मीडिया और ज़मीनी स्तर पर साइबर साक्षरता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि लोग ऑनलाइन धोखाधड़ी से बच सकें।उन्होंने बताया कि 2017 से 2019 के बीच राज्य के 3,253 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक साइबर अपराध जांच की विशेष ट्रेनिंग दी गई है।

फिलहाल कोई सीधा कानून नहीं
भोयर ने कहा कि अभी ऑनलाइन गेम्स को प्रतिबंधित करने के लिए कोई अलग कानून नहीं है। हालांकि, केंद्र सरकार ने 6 अप्रैल 2023 को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत आईटी (मध्यस्थ दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियम, 2021 को लागू किया है, जो डिजिटल सामग्री और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के लिए नियम तय करते हैं।

विज्ञापन

 चोरी के आरोप में निलंबित पुलिसकर्मी अब मोटरसाइकिल चोरी में धरा गया
महाराष्ट्र के बीड जिले से एक अजीबोगरीब वाकया पेश आया है। पहले से ही चोरी के आरोप में निलंबित चल रहा अस्टिटेंट सब इंस्पेक्टर अमित मधुकर सुतार अब मोटरसाइकिल चोरी में धरा गया। बीड अपराध शाखा के इंस्पेक्टर शिवाजी बंटेवाड़ ने मंगलवार को बताया कि पुलिस को हालिया सूचना मिली कि दो लोग चोरी की मोटरसाइकिल बेचने बीड के बरशी नाका इलाके में आ रहे हैं। पुलिस ने इन दोनों को दोपहिया वाहन के साथ धर दबोचा। इन लोगों ने बताया कि सुतार ने वाहन चुराया था। यहीं नहीं, सुतार ने कम से कम सात मोटरसाइकिलें चुराई। चोरी के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बंटेवाड़ के मुताबिक, ऑनलाइन गेमिंग का लती आरोपी अस्टिटेंट सब इंस्पेक्टर अमित मधुकर सुतार 2024 में पुलिस के वायरलेस विभाग में तैनात था। इससे उस पर भारी कर्ज हो गया था। इसे उतारने के लिए उसने अपने तैनाती स्थल से बैटरियां चुराई थीं। इसके चलते उसे निलंबित कर दिया गया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें