महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को पड़ोसी राज्य कर्नाटक की कांग्रेस सरकार की बंगलूरू के शिवाजीनगर मेट्रो रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर सेंट मैरी के नाम पर रखने के कदम की आलोचना की। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने हाल ही में कहा था कि उनकी सरकार सेंट मैरी बेसिलिका में वार्षिक भोज के दौरान किए गए अनुरोध के बाद बंगलूरू के शिवाजीनगर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर सेंट मैरी के नाम पर रखने पर विचार करेगी। उनके उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने दावा किया था कि इस तरह के सामुदायिक अनुरोधों का जवाब देना असामान्य नहीं है।
मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए, सीएम फडणवीस ने कहा, 'मैं बंगलूरू के शिवाजीनगर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर सेंट मैरी के नाम पर रखने के कर्नाटक सरकार के कदम की निंदा करता हूं। यह छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान है। कांग्रेस ने मराठा योद्धा राजा का अपमान करने की अपनी परंपरा नेहरू के समय से जारी रखी है, जिन्होंने अपनी पुस्तक डिस्कवरी ऑफ इंडिया में शिवाजी महाराज के खिलाफ टिप्पणी की थी।' सीएम फडणवीस ने कहा कि वह ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि सिद्धारमैया को सद्बुद्धि दे कि वे धर्म पर आधारित और मराठा योद्धा राजा के विरुद्ध ऐसा निर्णय न लें।
रिश्वतखोरी में सिडको के तीन कर्मचारियों सहित चार गिरफ्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने नवी मुंबई में एक हाउसिंग सोसाइटी के सचिव से कथित तौर पर 3.5 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में नगर एवं औद्योगिक विकास निगम (सिडको) के तीन कर्मचारियों और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। 54 वर्षीय शिकायतकर्ता का अपनी सोसायटी की प्रबंध समिति के कुछ अन्य निर्वाचित सदस्यों के साथ विवाद था। नवी मुंबई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक धर्मराज सोनके ने बताया कि उन्होंने और अन्य सदस्यों ने अनियमितताओं का दावा करते हुए प्रबंध समिति को भंग करने के लिए सहकारी समितियों के उप रजिस्ट्रार, सिडको को आवेदन दिया था। अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता के पक्ष में परिणाम प्राप्त करने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर उससे 5 लाख रुपये की मांग की, लेकिन बाद में राशि घटाकर 3.5 लाख रुपये कर दी।
शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने बुधवार को जाल बिछाया। संयुक्त रजिस्ट्रार कार्यालय में कार्यरत एक कार्यालय सहायक, एक सहकारिता अधिकारी और एक चपरासी के साथ ही रिश्वतखोरी के संबंध में एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आयुष कोमकर हत्याकांड: आरोपी नाना और गैंग पर मकोका लगाया गया
पुणे में पिछले हफ्ते हुई आयुष कोमकर की हत्या के मामले में पुलिस ने कुख्यात अपराधी बंदू आंदेकर और उसके गैंग पर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) लगाया है। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी। पुलिस ने गैंग लीडर बंदू आंदेकर (68) और उसके सात साथियों को गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने ही नाती आयुष कोमकर की हत्या बदले के लिए करवाई।
आयुष के पिता गणेश कोमकर और उसकी बुआ संजीवनी (बंदू आंदेकर की बेटी) दोनों ही एनसीपी नेता और बंदू आंदेकर के बेटे वनराज आंदेकर की हत्या के मामले में आरोपी हैं। वनराज की हत्या 1 सितम्बर 2024 को संपत्ति विवाद के चलते हुई थी। पुलिस को संदेह है कि आयुष की हत्या बंदू और उसके रिश्तेदारों ने मिलकर साजिश के तहत करवाई।
मुंबई में एमटीएनएल के भूमिगत केबल चोरी करने के मामले में आठ गिरफ्तार
मुंबई में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, ये लोग एमटीएनएल (महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड) के कर्मचारी बनकर भूमिगत केबल चुरा रहे थे। चुराई गई केबल की कीमत लगभग 58 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह रात के समय भूमिगत केबल निकालकर चोरी करता था।
पुलिस ने आरोपियों से चार वाहन जब्त किए हैं, जिनमें एक इनोवा कार, एक टू-व्हीलर और खुदाई करने वाली मशीन (एक्सकैवेटर) शामिल है, जिसका इस्तेमाल चोरी के दौरान किया गया था।
ISIS मॉड्यूल केस में आरोपी की जमानत अर्जी खारिज
मुंबई की एक विशेष अदालत ने आईएसआईएस मॉड्यूल मामले में आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी। आरोपी ताबिश सिद्दीकी ने जमानत के लिए खुद को स्किजोफ्रेनिया और अन्य मानसिक बीमारियों से ग्रस्त बताते हुए राहत मांगी थी। विशेष एनआईए न्यायाधीश चकोर एस. बाविस्कर ने 4 सितम्बर को दिए आदेश में कहा कि आरोपी लगातार टेलीग्राम, व्हाट्सएप और वीपीएन का इस्तेमाल करता रहा है। ऐसे तकनीकी साधनों का उपयोग करने वाला व्यक्ति खुद को अस्वस्थ मानसिक अवस्था का नहीं बता सकता।
बता दें कि एनआईए ने ताबिश सिद्दीकी और अन्य आरोपियों पर प्रतिबंधित संगठन ISIS का समर्थन करने और उसकी विचारधारा भोले-भाले मुस्लिम युवाओं में फैलाने का आरोप लगाया है। चार्जशीट में कहा गया है कि आरोपी भारत में आतंकी वारदातों की योजना बना रहे थे। उसे 3 जुलाई 2023 को गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम (UAPA) और आईपीसी की कड़ी धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था।
पुणे में डीजे वाहन जुलूस में घुसा, एक व्यक्ति की मौत, 6 घायल; 4 गिरफ्तार
पुणे में एक स्थानीय नेता के जन्मदिन के जश्न के लिए निकाले जा रहे जुलूस में शामिल डीजे ने लोगों को कुचल दिया। इससे एक युवक की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। बुधवार दोपहर जुन्नार कस्बे में जिला परिषद अध्यक्ष देवराम लांडे का जन्मदिन मनाया जा रहा था। जुलूस के दौरान डीजे वाहन के चालक ने यह जानते हुए भी कि आगे भीड़ है, वाहन को लापरवाही से चलाया और झांझ बजा रहे समूह में शामिल सात लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में 21 वर्षीय आदित्य काले की मौत हो गई। पुलिस ने देवराम लांडे,उनके बेटे, डीजे साउंड सिस्टम ले जा रहे वाहन के मालिक और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया।
ठाणे की एक इमारत में आग, 29 बिजली मीटर क्षतिग्रस्त
ठाणे शहर में गुरुवार सुबह एक आवासीय इमारत के मीटर बॉक्स केबिन में आग लगने से 29 बिजली मीटर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। ठाणे के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि साईनाथ नगर में आनंद टॉकीज के पीछे स्थित चार मंजिला विकास को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी के भूतल पर सुबह 4.10 बजे आग लगने की सूचना मिली। स्थानीय पुलिस, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के कर्मचारी, अग्निशमन कर्मी और महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (महावितरण) के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। आग से कुल 29 मीटर क्षतिग्रस्त हो गये। आग सुबह पांच बजे तक बुझा दी गई तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
उप सरपंच की आत्महत्या मामले में डांसर गिरफ्तार
सोलापुर जिले में 21 वर्षीय लोकनृत्य कलाकार पूजा गायकवाड़ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उनकी वजह से 34 वर्षीय उप सरपंच गोविंद बारगे ने आत्महत्या कर ली। मृतक गोविंद बारगे के परिवार ने आरोप लगाया कि उनका पूजा गायकवाड़ के साथ संबंध था, जो सोलापुर जिले के बार्शी की एक लोकनृत्य मंडली की सदस्य है। पूजा गायकवाड़ कथित तौर पर बारगे पर अपनी जमीन और बंगला उसके नाम करने का दबाव डाल रही थी। मृतकों के परिजनों के मुताबिर, पूजा ने यह धमकी भी दी थी कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वह डिप्टी सरपंच पर झूठा मामला दर्ज करा देगी। बारगे के परिजनों ने गायकवाड़ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कराया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
जालना में मुरुम मिट्टी की अवैध खुदाई पर कार्रवाई
महाराष्ट्र के जालना जिले में प्रशासन ने मुरुम मिट्टी की अवैध खुदाई के मामले में कार्रवाई करते हुए एक शैक्षणिक संस्थान और एक स्टील फैक्ट्री को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। स्थानीय तहसीलदार के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा संचालित इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी (आईसीटी) के जलना कैंपस ने मौज सिरासवाड़ी और पारसी टेकड़ी इलाके से करीब 150 ब्रास मुरुम मिट्टी निकाली है। इस पर 9.6 लाख रुपये की रॉयल्टी और जुर्माना बनता है। संस्थान से पूछा गया है कि यह रकम उससे क्यों न वसूल की जाए।
वहीं, एक स्टील फैक्ट्री पर 2,500 ब्रास मुरुम की अवैध खुदाई का आरोप है। उस पर 1.47 करोड़ रुपये की रॉयल्टी और जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई एक स्थानीय महिला कांग्रेस कार्यकर्ता की शिकायत और राजस्व विभाग की जांच के बाद की गई है।
जन्म प्रमाणपत्र रद्द करने के आदेश पर हाईकोर्ट का नोटिस
बॉम्बे हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार को जन्म प्रमाणपत्र रद्द करने के आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर नोटिस जारी किया है। यह मामला सरकार के उस जीआर (सरकारी प्रस्ताव) से जुड़ा है, जिसमें 11 अगस्त 2023 के बाद नायब तहसीलदारों की तरफ से जारी सभी जन्म प्रमाणपत्र रद्द करने का निर्देश दिया गया था।
नागपुर खंडपीठ ने 9 सितंबर को राज्य सरकार, मुख्य सचिव और कलेक्टरों से दो सप्ताह में जवाब मांगा है। यह याचिका एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (एपीसीआर) ने दायर की है। याचिकाकर्ताओं ने कहा कि सरकार का यह आदेश मनमाना और असंवैधानिक है, जो जन्म-मृत्यु पंजीकरण कानून 2023 और संविधान के अनुच्छेद 14, 19 और 21 का उल्लंघन करता है। एपीसीआर के महासचिव शाकिर शेख ने बताया कि इस फैसले से हजारों जन्म प्रमाणपत्र बिना सुनवाई रद्द कर दिए गए, जिससे गरीब और वंचित वर्ग को आधार, वोटर आईडी, स्कूल एडमिशन और पासपोर्ट जैसी जरूरी सेवाओं में कठिनाई हो रही है। सरकार का यह कदम भाजपा नेता किरीट सोमैया के फर्जी प्रमाणपत्रों के आरोपों के बाद उठाया गया था।
एमएमआरसीएल-आरबीआई भूखंड सौदे में सरकारी खजाने को 1800 करोड़ का नुकसान- कांग्रेस
दक्षिण मुंबई के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र माने जाने वाले नरीमन प्वाइंट में मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमएमआरसीएल) की 4.2 एकड़ का भूखंड भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को बेचने पर कांग्रेस ने फडणवीस सरकार पर निशाना साधा है। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने इसे मनमाने तरीके से बेचने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा है कि इस सौदे से राज्य के खजाने को 1,800 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
सचिन सावंत ने कहा कि निविदाएं आमंत्रित किए बिना यह सौदा किया गया। इसी भूखंड में पहले कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दलों के कार्यालय हुआ करते थे। मेट्रो स्टेशन के निर्माण के लिए हमें इसे खाली करने को कहा गया और हमने किराये पर कार्यालय लिया। हमें परियोजना पूरी होने के बाद उसी जगह पर स्थायी रूप से स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया गया था। उन्होंने कहा कि भूमि की बिक्री को अंतिम रूप देने से पहले एमएमआरसीएल को हितधारकों, विशेषकर उन राजनीतिक दलों के साथ परामर्श करना चाहिए था, जिनके वहां कार्यालय हैं। लेकिन पूरा सौदा बिना किसी परामर्श के मनमाने तरीके से किया गया। यह बेहद आपत्तिजनक है। सूत्रों के अनुसार, एमएमआरसीएल की जमीन 3,472 करोड़ रुपये में बेची गई।
खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए नई नीति बनेगी- अजित पवार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए नई नीति बनाने का निर्देश दिया है। गुरुवार को खेल विभाग की समीक्षा बैठक में पवार ने कहा कि खेल परिसरों को आधुनिक सुविधाओं और उपकरणों से लैस किया जाए और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि यह नीति राज्य में खेल संस्कृति को नई दिशा देगी। साथ ही, उन्होंने संभाग, जिला और तालुका स्तर की खेल समितियों के पुनर्गठन पर भी जोर दिया। बैठक में अन्य राज्यों और विदेशों में उपलब्ध खेल सुविधाओं का अध्ययन किया गया। पवार ने सुझाव दिया कि खेल विकास के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) और कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड का उपयोग किया जाए।
बीड- पिता ने बेटी की हत्या कर खुदकुशी की
महाराष्ट्र के बीड जिले में पारिवारिक विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने पहले अपनी तीन वर्षीय बेटी को फांसी देकर मार डाला और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान जयराम बोराडे के रूप में हुई है। वह दो दिन पहले अपनी बेटी के साथ घर से निकला था। मंगलवार को इमामपुर गांव में उसका शव पेड़ से लटका मिला। इसके बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह बच्ची का शव गांव से 12 किलोमीटर दूर पेड़ से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि व्यक्ति ने पहले अपनी बेटी को फांसी पर लटकाया और फिर खुदकुशी कर ली। पुलिस का मानना है कि पारिवारिक कलह इस घटना का कारण हो सकता है। मामले की जांच जारी है।
मुंबई- बीएमसी वार्ड सीमा निर्धारण पर दूसरी दिन सुनवाई
मुंबई में होने वाले आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर बीएमसी के वार्ड सीमा निर्धारण पर सुनवाई का दूसरा दिन गुरुवार को जारी रहा। अधिकारियों के अनुसार, दूसरे दिन कुल 277 सुझाव और आपत्तियां सुनी गईं। यह सुनवाई दक्षिण मुंबई स्थित मंत्रालय के सामने यशवंतराव चव्हाण केंद्र में हुई, जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) इकबाल सिंह चहल ने की।
बीएमसी ने बताया कि शेष सुझाव और आपत्तियां 13 सितंबर को सुनी जाएंगी। बीएमसी की तरफ से वार्डों की नई सीमाओं का ड्राफ्ट 22 अगस्त को जारी किया गया था। इसके बाद 22 अगस्त से 4 सितंबर तक नागरिकों से कुल 492 सुझाव और आपत्तियां मिलीं। बुधवार को पहले दिन 189 मामलों की सुनवाई हुई थी। राज्य में नगर निगम चुनाव इस साल के अंत तक होने की संभावना है।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अभिनेता किरण माने के खिलाफ शिकायत दर्ज
महाराष्ट्र के नासिक में एक स्थानीय भाजपा नेता ने मराठी अभिनेता किरण माने के खिलाफ कथित आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नासिक शहर प्रभारी सागर शेलार ने साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा है कि सोशल मीडिया पर पोस्ट भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को चुनौती देती है। अभिनेता की पोस्ट समाज में नफरत पैदा कर सकती है। 9 सितंबर को साझा की गई माने की पोस्ट में नेपाल के हालात का जिक्र है, लेकिन इसमें किसी व्यक्ति का नाम नहीं है। नगर पुलिस ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।