महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
महाराष्ट्र सरकार ने अपराध में बढ़ोतरी होने का अजीब तर्क देते हुए चंद्रपुर में कई सालों से लागू शराबबंदी को हटा दिया है। सरकार की ओर से कहा गया है कि जिले में शराबबंदी होने से अपराध बढ़ गए थे, इसलिए बृहस्पतिवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में चंद्रपुर जिले में शराबबंदी हटाने का निर्णय लिया गया।
बता दें कि फडणवीस सरकार ने साल 2015 में जिले में शराबबंदी लागू की थी। लेकिन राज्य में महाविकास आघाड़ी सरकार आने के बाद से ही शराबबंदी हटाने को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी। आखिरकार, चंद्रपुर के प्रभारी मंत्री व कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार जिले में शराबबंदी हटाने में कामयाब हो गए।
उन्होंने कहा कि शराबबंदी लागू होने से जिले में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का व्यापार शुरू हो गया था। युवा वर्ग शराब बिक्री के व्यवसाय में लग गए थे, इसके परिणामस्वरूप जिले में आपराधिक घटनाएं बढ़ गई थी। वहीं, विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने चंद्रपुर में शराबबंदी हटाने पर कहा कि इसके दूरगामी नतीजे होंगे। इससे पता चलता है कि कोरोना के इस संकट में ठाकरे सरकार की प्राथमिकता क्या है। राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर ध्यान देने की बजाय शराब बेचने में ज्यादा रुचि ले रही है।