यौन शोषण का आरोपी ढोंगी अशोक खरात की मुश्लिकें और बढ़ गई हैं। नासिक शहर में दर्ज कई आपराधिक मामलों के मुख्य संदिग्ध आरोपी अशोक खरात के खिलाफ पुलिस जांच और तेज हो गई है। पिछले करीब 40 दिनों से पुलिस हिरासत में चल रहे खरात को अब सातवें अपराध में औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है और एसआईटी ने उसे अपने कब्जे में ले लिया है।
सातवें मामले में पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, खरात के खिलाफ नासिक शहर के विभिन्न पुलिस थानों में कुल 12 मामले दर्ज हैं। खरात को छठे अपराध में 25 अप्रैल को अदालत में पेश किया गया था, जहां उसे 3 दिनों की पुलिस हिरासत (26 अप्रैल तक) में भेजा दिया गया था। रविवार को छठे मामले की न्यायिक हिरासत खत्म होते ही उसे तुरंत सातवें मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच के दौरान आरोपी अशोक खरात पुलिस के साथ सहयोग नहीं कर रहा है। विशेष रूप से नकली खाद्य सामग्री की सप्लाई के स्रोत के बारे में वह कोई जानकारी नहीं दे रहा। सरकारी वकीलों का कहना है कि आरोपी जानबूझकर मेमोरी लॉस का नाटक कर जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
40 दिनों में आरोपी को 14 बार अदालत में पेश किया गया
अब तक करीब 40 दिनों में आरोपी को 14 बार अदालत में पेश किया जा चुका है। सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज मामलों के अलावा, शिरडी और सिन्नर पुलिस भी आरोपी को अपनी जांच के लिए हिरासत में लेने की तैयारी में हैं। इसके लिए उसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पत्नी के खिलाफ भी मामला दर्ज
- सुनवाई के दौरान सरकारी वकील किरण बेंडाभर और एडवोकेट शैलेंद्र बागड़े ने अदालत को बताया कि आरोपी के खिलाफ आरोप बेहद गंभीर हैं।
- वकीलों के अनुसार, आरोपी पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा और सवालों का जवाब देने के बजाय केवल सिर हिला रहा है।
- आरोप है कि वह मामले के मास्टरमाइंड और ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारी छिपा रहा है।
- शिरडी पुलिस ने आरोपी अशोक खरात की पत्नी कल्पना खरात के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
- कल्पना खरात पर महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और एक किसान की जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के आरोप हैं।
- पुलिस के मुताबिक, कल्पना खरात फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।