सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार एक दूसरे को देखकर मुस्कुराईं और फिर दोनों गले मिलीं। पवार परिवार में भले ही मतभेद चल रहे हैं, लेकिन सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार की मुलाकात में सबकुछ सामान्य दिखाई दिया।
महाराष्ट्र की बारामती लोकसभा सीट अविभाजित एनसीपी का गढ़ मानी जाती है। हालांकि अब एनसीपी दो फाड़ हो चुकी है। बारामती सीट से शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले सांसद हैं। अब ऐसी चर्चाएं हैं कि बारामती सीट पर सुप्रिया सुले को टक्कर देने के लिए अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार चुनाव लड़ सकती हैं। इन चर्चाओं के बीच शुक्रवार को सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार का आमना-सामना हुआ। दोनों बारामती के जलोची गांव स्थित कमलेश्वर मंदिर पहुंची थी, वहीं दोनों की मुलाकात हुई, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
विज्ञापन
दोनों ने गले मिलकर किया एक दूसरे का अभिवादन
वीडियो में दिख रहा है कि सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार एक दूसरे को देखकर मुस्कुराईं और फिर दोनों गले मिलीं। पवार परिवार में भले ही मतभेद चल रहे हैं, लेकिन सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार की मुलाकात में सबकुछ सामान्य दिखाई दिया। गौरतलब है कि ऐसी चर्चाएं हैं कि बारामती लोकसभा सीट पर सुप्रिया सुले का मुकाबला सुनेत्रा पवार से ही हो सकता है। बुधवार को अपने एक बयान में सुप्रिया सुले ने कहा कि अगर बड़े परिवार के किसी एक सदस्य ने अलग कदम उठा लिया है तो इसका मतलब ये नहीं है कि परिवार में मतभेद हैं। सुप्रिया सुले ने ये भी कहा कि भाजपा के नेता आजकल उनकी पार्टी में कथित भ्रष्टाचार की बात नहीं करते हैं। हालांकि इस दौरान सुले ने अजित पवार का नाम नहीं लिया।
बारामती से सुनेत्रा पवार के चुनाव लड़ने की चर्चा उस वक्त शुरू हुई, जब बीते दिनों अजित पवार ने बारामती के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि इस बार मतदाता किसी नए चेहरे को मौका दें। हालांकि वो नया चेहरा कई अनुभवी चेहरों से घिरा है। अजित पवार की अपील के बाद ही चर्चाएं शुरू हो गईं थी कि अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा बारामती से चुनाव लड़ सकती हैं, जहां उनका मुकाबला शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले से होगा।
विज्ञापन
केंद्र सरकार पर हमलावर हुईं सुप्रिया सुले
बारामती पहुंची सुप्रिया सुले ने एक कार्यक्रम में केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 'आयकर विभाग, सीबीआई और ईडी का देश में अदृश्य ताकत के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। रोहित पवार का नाम भी एफआईआर में नहीं था, जिनका नाम एफआईआर में हैं, वो भाजपा में हैं। ये लोग खुले घूम रहे हैं और जिनका नाम एफआईआर में नहीं है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।'