महाराष्ट्र के नागपुर जिले में बुधवार को भारी बारिश हुई। इस वजह 71 गांवों का संपर्क टूट गया है। वहीं, एक लड़के की मौत और एक अन्य व्यक्ति की बाढ़ में बहने की खबर है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने नागपुर और वर्धा जिलों के लिए ‘रेड’ अलर्ट, अमरावती और यवतमाल के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट और विदर्भ क्षेत्र के अन्य जिलों जैसे अकोला, वाशिम, बुलढाणा, चंद्रपुर, भंडारा और गोंदिया के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।
अधिकारी ने बताया कि नागपुर जिले के मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर कलमेश्वर तहसील के बोरगांव गांव के निवासी अनिल हनुमंत पानपाटे (35 वर्षीय) सुबह करीब साढ़े सात बजे एक बड़े नाले में बह गए। पानपाटे को खोजने का प्रयास जारी है। वहीं, सुबह करीब चार बजे कार्तिक शिवशंकर लाडसे (18 वर्षीय) उप्पलवाडी में एक भरे हुए नाले में गिर गए, जो यहां से लगभग 30 किमी दूर है। उनका शव बाद में बरामद किया गया।
ये भी पढ़ें: कटिहार ट्रेन-ट्रॉली टक्कर के बाद हरकत में रेल मंत्रालय, बिना पूर्व इजाजत के ट्रॉली कार्य पर लगाई रोक
पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार के मुताबिक, भारी बारिश के कारण नागपुर के ग्रामीण इलाके में 71 गांवों का संपर्क टूट गया है। प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को बचाने के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की मदद से बचाव अभियान जारी है।
अधिकारी ने कहा, आईएमडी के रेड अलर्ट के बाद नागपुर जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों और कॉलेजों के लिए बुधवार को छुट्टी घोषित कर दी थी। आईएमडी ने बुधवार को भारी बारिश की भविष्यवाणी की थी। जिला सूचना कार्यालय के मुताबिक, नागपुर में भारी बारिश के कारण नाले और नदियां उफान पर होने से राज्य के राजमार्गों को भी यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें: MLA हॉस्टल में शिवसेना विधायक के उपद्रव को लेकर जमकर बवाल, सीएम फडणवीस बोले- सत्ता का दुरुपयोग गलत
आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मंगलवार रात साढ़े आठ बजे से बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे तक नौ घंटों में नागपुर में 172.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। नागपुर के कलेक्टर विपिन इतंकर ने पहले एक आदेश में कहा था कि जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है और बाढ़ जैसी स्थिति की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। जिले के विभिन्न तालुक की कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए जिले के सभी स्कूल और कॉलेज नौ जुलाई को बंद रखने की घोषणा की गई है।