पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने बताया कि अजित पवार महिलाओं, युवाओं, किसानों, आदिवासियों और समाज के अन्य वंचित वर्गों के साथ बैठकों को संबोधित करेंगे। वह उनके मुद्दों को सुनेंगे। और माझी लड़की बहिन, अन्नपूर्णा योजना, बलिराजा विज सवलत योजना, युवा कार्य प्रशिक्षण योजना के लाभ को बताएंगे।
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले उपमुख्यमंत्री अजित पवार आठ अगस्त को नासिक के डिंडोरी में जन सम्मान यात्रा की शुरुआत करेंगे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने इसकी जानकारी दी। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि अजित पवार के नेतृत्व वाली पार्टी सत्तारूढ़ महायुति में उसके सहयोगी पार्टियों भाजपा और शिवसेना को एक साथ मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव में लड़ना होगा। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, कैबिनेट के मंत्री और विधायक शामिल थे।
विज्ञापन
प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि अजित पवार पार्टी के कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए उनसे मुलाकात करेंगे। उन्होंने आगे कहा, "हम सबको साथ लेकर चलते हैं। अजित पवार महायुति गठबंधन के सहयोगियों, भाजपा और शिवसेना के कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे। हमें आगामी चुनाव में एकसाथ जीतना होगा। जन सम्मान यात्रा का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि राकांपा महाराष्ट्र के आम आदमी के लिए खड़ी है और हमने अपनी योजनाओं को बिना किसी भेदभाव के लागू किया है।"
हाइब्रिड मॉडल में होगी यात्रा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने बताया कि यात्रा हाइब्रिड मॉडल में होगी। पार्टी का नेतृत्व करने वाले बस में और समर्थक कारों में यात्रा करेंगे। उन्होंने आगे कहा, "अजित पवार महिलाओं, युवाओं, किसानों, आदिवासियों और समाज के अन्य वंचित वर्गों के साथ बैठकों को संबोधित करेंगे। वह उनके मुद्दों को सुनेंगे। और माझी लड़की बहिन, अन्नपूर्णा योजना, बलिराजा विज सवलत योजना, युवा कार्य प्रशिक्षण योजना के लाभ को बताएंगे।" उन्होंने आगे बताया कि जन सम्मान यात्रा उत्तरी महाराष्ट्र में पांच दिनों तक चलेगी। इस दौरान तीन जिलों के 11 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जाएगा।
विज्ञापन
पवार डिंडोरी, देवलाली, सिन्नर, निफाड, येओला, कलवान, चंदवाड, धुले, अमलनेर, कोपरगांव और मालेगांव का भी दौरा करेंगे। यात्रा के पहले चरण में पश्चिमी महाराष्ट्र, मुंबई और विदर्भ को कवर किया जाएगा। पहले चरण का समापन 31 अगस्त को होगा। छगन भुजबल ने बताया कि राकांपा सरकार के बारे में नकारात्मक भावनाओं को लोगों के मन से दूर करने के लिए यह यात्रा कर रही है।