भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि हमने मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की और इस पर हमारी पूरी नजर है। उन्होंने कहा कि भाजपा की निगाह में एकनाथ शिंदे ही शिवसेना विधायक दल के नेता हैं। शिंदे गुट की तरफ से भाजपा को अभी तक सरकार बनाने को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं मिला है, इसलिए पार्टी वेट एंड वॉच की मुद्रा में है।
शिवसेना की बगावत का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचने के बाद सोमवार को महाराष्ट्र की मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा के नेता अचानक सक्रिय हो गए। विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस के आवास पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें राजनीतिक हालात पर चर्चा की गई।
विज्ञापन
बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि हमने मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की और इस पर हमारी पूरी नजर है। उन्होंने कहा कि भाजपा की निगाह में एकनाथ शिंदे ही शिवसेना विधायक दल के नेता हैं। शिंदे गुट की तरफ से भाजपा को अभी तक सरकार बनाने को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं मिला है, इसलिए पार्टी वेट एंड वॉच की मुद्रा में है। जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा उद्धव सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी तो उन्होंने कहा, फिलहाल, इसकी आवश्यकता नहीं है। वैसे, फडणवीस ने इस पूरे राजनीतिक हालात पर अभी तक अपनी चुप्पी नहीं तोड़ी है।
विधायकों को मुंबई पहुंचने के निर्देश
भाजपा ने अपने सभी विधायकों को मुंबई पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मुनगंटीवार ने कहा कि राज्य के विधायकों को राज्य या देश के बाहर नहीं जाने के लिए कहा गया है। राज्य की स्थिति अस्थिर है इसलिए उन्हें यह सूचना दी गई है।
विज्ञापन
शिंदे 24 कैरेट खरे शिवसैनिक
मुनगंटीवार ने कहा, एकनाथ शिंदे 24 कैरेट खरे शिवसैनिक हैं। भाजपा उन्हें व उनके सहयोगी विधायकों को बागी नहीं मानती। वह दिवंगत शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के हिंदुत्व के मूल विचार के साथ हैं, उनके पास दो-तिहाई बहुमत है, ऐसे में वे बागी कैसे हुए? उन्हें बागी कहना उचित नहीं होगा।
राउत को गंभीरता से नहीं लेते
मुनगंटीवार ने कहा कि वह शिवसेना सांसद संजय राउत की टिप्पणी को गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने कहा, शिंदे गुट से अगर कोई प्रस्ताव आता है तो भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी और उस पर निर्णय लिया जाएगा।