गढ़चिरौली के एसपी शैलेश बलकवडे
- फोटो : ANI
पिछले साल एक मई को गढ़चिरौली में नक्सलियों के लैंडमाइन हमले में 15 पुलिसकर्मी और एक ड्राइवर की हत्या की साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड दिनकर गोटा को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। गोटा के साथ ही पुलिस ने एक अन्य नक्सली महिला सुनंदा कोरेटी को भी गिरफ्तार किया है। स्थानीय अदालत ने दोनों को 14 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। गोटा पर सरकार ने 16 लाख व कोरेटी पर दो लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था।
गढ़चिरौली के एसपी शैलेश बालकावड़े ने बताया कि गोटा नक्सलियों की कोर्ची दलमका डिविजनल समिति का कार्यकर्ता था। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है। उम्मीद करते हैं कि ऊपरी गढ़चिरौली में सुरक्षाबलों पर नक्सली हमलों में कमी आएगी। गढ़चिरौली के अलग-अलग थानों में गोटा के खिलाफ 33 हत्याओं के साथ ही 108 मामले दर्ज हैं।