सहायक पुलिस आयुक्त चंद्रकांत जादव ने बताया कि पीड़ित के वाहन का एक साइड का शीशा गलती से एक अन्य मोटरसाइकिल से टकरा गया, जिस पर तीन लोग यात्रा कर रहे थे। तीनों ही व्यक्तियों ने पीड़ित को रोका और उससे बहस करने लगे।
महाराष्ट्र के पालघर में एक 20 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना रविवार की शाम चार बजे नालासोपारा इलाके में घटा, जब पीड़ित रोहित यादव अपने मित्र के साथ मोटरबाइक से जा रहा था।
विज्ञापन
सहायक पुलिस आयुक्त चंद्रकांत जादव ने बताया कि पीड़ित के वाहन का एक साइड का शीशा गलती से एक अन्य मोटरसाइकिल से टकरा गया, जिस पर तीन लोग यात्रा कर रहे थे। तीनों ही व्यक्तियों ने पीड़ित को रोका और उससे बहस करने लगे। इसके बाद उनलोगों ने पीड़ित को पीटना शुरू किया, जिसमें उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी। कई सबूतों और तलाश के आधार पर पुलिस ने घटना के महज आठ घंटे के भीतर ही तीनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
विज्ञापन
वैनगंगा नदी के बीचोबीच बने मंदिर में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाया गया
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में भारी बारिश के कारण जल का स्तर बढ़ने की वजह से नदी के बीचोबीच स्थित मंदिर में पांच श्रद्धालु फंस गए। जिले में भारी बारिश के कारण वैनगंगा नदी का स्तर 243.60 मीटर तक बढ़ गया। जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी अभिषेक नामदास ने बताया कि जलस्तर बढ़ने से नृसिंह मंदिर में पांच श्रद्धालु फंस गए।
जिला खोज एवं बचाव दल लोगों को बचाने के लिए मंगलवार की सुबह मौके पर पहुंची और दो घंटे के भीतर उन्होंने सभी लोगों को सुरक्षित वहां से बाहर निकाल लिया। श्रद्धालु मंदिर में शनिवार से फंसे हुए थे।
आईआरएस अधिकारी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
मुंबई की एक विशेष अदालत ने सीमा शुल्क व जीएसटी विभाग के अपर आयुक्त के पद पर कार्यरत भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी सचिन बालासाहेब सांवत को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में मंगलवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पिछले महीने सावंत को धनशोधन रोधी अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया था। वह पूर्व में जांच एजेंसी के मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय में उपनिदेशक के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। ईडी की हिरासत समाप्त होने के बाद मंगलवार को उन्हें पीएमएलए अदालत के समक्ष पेश किया गया। जांच एजेंसी ने कहा कि अब आरोपी की हिरासत की जरूरत नहीं है, जिसके बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।