ईंधन पाइपलाइन में दरार की हुई मरम्मत
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के शील इलाके में एक ईंधन पाइपलाइन में आग लगने के बाद फट जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस पाइपलाइन को 48 घंटों के बाद ठीक कर लिया गया है।
क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख अविनाश सावंत ने कहा कि मुंबई से नासिक जिले के मनमाड तक 18 इंच की लाइन, जो एक भूमिगत केबल में आग लगने और बाद में विस्फोट के बाद लीक होने लगी थी, उसे ठीक कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि लाइन में आपूर्ति अब बहाल कर दी गई है। इससे बीपीसीएल के डीजल की ढुलाई करता है।
महिला ने विधायक और समर्थकों पर लगाया मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप
महाराष्ट्र पुलिस ने महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के चिमूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। महिला ने विधायक पर अपने पति को पीटने का भी आरोप लगाया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विधायक की पहचान भाजपा के कीर्तिकुमार उर्फ बंटी भांगडिय़ा के रूप में हुई है। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग) सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राथमिकी के अनुसार, भांगडिय़ा 15 से 20 लोगों के शनिवार देर रात शिकायतकर्ता के घर पहुंचे और उसके पति के साथ गाली-गलौज करने लगे। इतना ही नहीं उन लोगों ने शिकायतकर्ता के पति को घर से बाहर खींच लिया और उसकी पिटाई कर दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब उसने अपने पति को बचाने की कोशिश की तो उसके साथ छेड़छाड़ की गई और मारपीट की गई।
इस बीच, विधायक ने पीड़िता के पति के खिलाफ कथित तौर पर अपनी मां के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक संदेश पोस्ट करने का भी आरोप लगाया है। वरोरा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आयुष नोपानी ने कहा कि पुलिस ने विधायक की शिकायत के आधार पर धारा 294 (सार्वजनिक रूप से अश्लील हरकत या शब्दों के लिए सजा) और 509 (शब्द, हावभाव या किसी महिला की लज्जा भंग करने का इरादा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस दोनों पक्षों द्वारा दर्ज प्राथमिकी की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।