अमेरिका में लोगों को बनाते थे शिकार
दूसरी ओर, मुंबई पुलिस ने नवी मुंबई में एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर 23 लोगों को हिरासत में लिया है। नवी मुंबई के वाशी इलाके में स्थित एक मॉल से यह फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था। आरोप है कि इस कॉल सेंटर से फर्जीवाड़ा करके अमेरिकी लोगों को वियाग्रा, सियालिस समेत नशे की चीजें बेची जा रहीं थी। पुलिस ने कॉल सेंटर के मालिक और मैनेजर को भी पकड़ा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अमेरिकी लोगों से उनके क्रेडिट और डेबिट कार्ड की डिटेल्स लेकर उनके साथ कथित तौर पर फर्जीवाड़ा भी किया। पुलिस ने वाशी थाने में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कई इलेक्टॉनिक उपकरण, हार्ड डिस्क और कई अन्य सामान भी जब्त किया है। आरोपी VCdial/Nextiva सॉफ्टवेयर की मदद से विदेश में कॉल कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मलाड के एक व्यक्ति से अमेरिकी लोगों का डाटा खरीदा था और कॉल सेंटर के कर्मचारी फर्जी नामों से अमेरिकी लोगों को कॉल कर दवाईयां बेचते थे।
बेची गईं दवाईयों और नशे के सामान का पैसा खारनगर स्थित एक बैंक की शाखा में आता था। पुलिस ने आईपीसी की धारा 419, 420 और 34 के तहत 23 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बता दें कि शनिवार को भी नवी मुंबई पुलिस ने नेरुल इलाके में स्थित एक मॉल में भी छापा मारकर ऐसे ही एक अन्य फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया था।