कैदियों के रिश्तेदारों को ठगने के आरोप में एक शख्स गिरफ्तार
महाराष्ट्र की बांद्रा पुलिस ने बताया कि आरोपी अमीन इरफान बेंद्रेकर को भाजपा विधायक आशीष शेलार का निजी सहायक बताकर जेल के कैदियों के रिश्तेदारों से ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने कथित तौर पर अपने मुवक्किलों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए वकील से संपर्क किया और राज्य सरकार से सहायता का वादा करके पैसे ऐंठे। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच जारी है।
महिला को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में एक गिरफ्तार
वहीं, खार पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति को शादी का झांसा देकर एक महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला की शिकायत पर 26 साल के आरोपी को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी राघव राजेश अग्रवाल ने महिला के साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़ित महिला और आरोपी की मुलाकात दिल्ली में एक प्रदर्शनी में हुई थी। महिला की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की जांच की और पता चला कि आरोपी अग्रवाल लुधियाना में है, जिसके बाद पुलिस की एक टीम लुधियाना पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर मुंबई ले आई।
भिवंडी में मेफेड्रोन के साथ दो गिरफ्तार
ठाणे जिले के भिवंडी शहर में पुलिस ने एक कार से 50 ग्राम मेफेड्रोन मादक पदार्थ जब्त किया और दो लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि मादक पदार्थ की आपूर्ति करने आए कुछ संदिग्धों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करने पर 24 अगस्त की रात भिवंडी में नासिक निवासी मुजफ्फर शेख और समीर रोकड़िया को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 लाख रुपये मूल्य की कार और दो महंगे मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
दो फर्जी पुलिस ने बुजुर्ग व्यक्ति से धोखाधड़ी कर गहने लिए
ठाणे जिले में दो अज्ञात व्यक्तियों ने खुद को अपराध शाखा का अधिकारी बताकर 70 वर्षीय एक व्यक्ति से उसके 70,000 रुपये मूल्य के सोने के गहने छीन लिए। यह घटना 24 अगस्त को सुबह लगभग सवा 11 बजे हुई, जब पीड़ित दामोदर पाटिल नासिक-मुंबई राजमार्ग पर लोढ़ा धाम के पास एक कार में यात्रा कर रहे थे।
संदिग्धों ने सुरक्षा जांच के बहाने पाटिल की कार को रोका और कहा कि अपने गहने उतारकर कागज में लपेटकर कार के डैशबोर्ड की दराज में रख दो। बाद में उन्हें बातों में फंसाकर बदमाशों ने गहने का पैकेज बदल दिया। इसके बाद फर्जी पुलिस कर्मचारी वहां से चले गए। बुजुर्ग शख्स को बाद में पैकेट की जांच करने पर इस धोखे का पता चला।
पाटिल की शिकायत पर नारपोली पुलिस थाने में कई धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ड्रेसिंग रूम में महिला का वीडियो बनाने पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज
ठाणे में एक आभूषण की दुकान के ड्रेसिंग रूम में महिला का वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आभूषण की दुकान में काम करने वाली महिला का कथित तौर पर वीडियो बनाने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह घटना 23 अगस्त की रात को हुई जब महिला चितलसर इलाके में स्थित दुकान में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद कपड़े बदल रही थी।
एक अधिकारी ने बताया कि महिला को अहसास हुआ कि कोई उसे देख रहा है और उसने देखा कि एक व्यक्ति ड्रेसिंग रूम के छेद से अपने मोबाइल फोन पर उसका वीडियो बना रहा है। महिला ने अलार्म बजाया और अन्य कर्मचारियों को सतर्क करते हुए ड्रेसिंग रूम से बाहर निकल गई। आरोपी प्रतीक म्हात्रे भागने में सफल रहा। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि म्हात्रे कर्मचारी था या ग्राहक।
नवी मुंबई में ड्रग्स तस्करी के आरोप में तीन गिरफ्तार
नवी मुंबई पुलिस के मादक पदार्थ रोधी प्रकोष्ठ ने मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही 20 लाख रुपये मूल्य की 100 ग्राम हेरोइन जब्त की। एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, एएनसी अधिकारियों ने तुर्भे में एक आवासीय इलाके में एक फ्लैट पर छापा मारा, जहां उन्होंने दो भाइयों इकथारुल इरशाद शेख (25) और सत्तारुल इरशाद शेख (22) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने फिरोजाबी हासिम शेख (38) से ड्रग्स खरीदा था। बाद में पुलिस ने हासिम को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन में खराबी से मुंबई जाने वाली लोकल सेवाओं में देरी
ठाणे जिले में कलवा स्टेशन के पास सीएसएमटी जा रही लातूर एक्सप्रेस के इंजन में सोमवार सुबह तकनीकी खराबी आने से मुंबई की तरफ जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो गईं। सप्ताह के पहले दिन सुबह के व्यस्त समय के दौरान सीएसएमटी की ओर जाने वाली लोकल ट्रेनें कम से कम 15-20 मिनट की देरी से चलीं।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे इंजन में ब्रेक 'प्रेशर की समस्या' के कारण लातूर एक्सप्रेस को कलवा स्टेशन पर रोका गया। लातूर एक्सप्रेस के पीछे जाने वाली नागपुर-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस करीब 20 मिनट तक पीछे रुकी रही। यात्री कार्यकर्ताओं ने मध्य रेलवे के परिचालन निर्णयों के बारे में सवाल उठाए हैं।
कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से कल्याण और ठाणे स्टेशनों के बीच पांचवें और छठवें ट्रैक की उपलब्धता के बावजूद, कलवा स्टेशन के माध्यम से फास्ट कॉरिडोर पर सीएसएमटी-बाउंड मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन के लिए मध्य रेलवे की विशेष रूप से आलोचना की।
उन्होंने तर्क दिया कि अतिरिक्त पटरियों का उपयोग करने से भीड़ को कम करने और लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए देरी को कम करने में मदद मिल सकती है।
गौरतलब है कि ठाणे जिले के बदलापुर रेलवे स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन के कारण 20 अगस्त को यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था जब मुख्य लाइन के अंबरनाथ-कर्जत खंड पर लोकल ट्रेन सेवाएं 10 घंटे तक निलंबित रही थीं।
पुणे में पुलिसकर्मी पर दरांती हमले को लेकर एनसीपीएसपी कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
पुणे में एक पुलिसकर्मी पर दरांती से हमले के मद्देनजर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) ने सोमवार को राज्य के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया और दावा किया कि शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है।
सहायक पुलिस निरीक्षक रत्नाकर गायकवाड़ पर रविवार को हडपसर इलाके में उस समय सिर में गंभीर चोट आई जब उन्होंने एक व्यक्ति और कुछ अन्य लोगों के बीच बहस को रोकने की कोशिश की। एनसीपी (एसपी) की पुणे शहर इकाई के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने कहा, 'हम फडणवीस से गृह मंत्री के पद से इस्तीफा देने की मांग करते हैं। जब भी वह राज्य के गृह मंत्री या मुख्यमंत्री बनते हैं, अपराध बढ़ जाते हैं। पुणे जैसे शहरों में बड़ी मात्रा में ड्रग्स जब्त किया जाता है। अपराध बढ़े हैं क्योंकि फडणवीस के काफिले में जिन को बाहर कर दिया गया है, वे उसमें हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी पर हमला दिखाता है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं।
उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पुलिस अधिकारी पर हमला करने वाले अपराधी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को अपनी ताकत का इस्तेमाल करने की जरूरत है। आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना उनका मुख्य काम है।
सिंधुदुर्ग में छत्रपति शिवाजी की 35 फुट ऊंची प्रतिमा ढह गई
महाराष्ट्र में सिंधुदुर्ग के एक किले में मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज की 35 फुट ऊंची प्रतिमा सोमवार को ढह गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। एक अधिकारी ने बताया कि प्रतिमा दोपहर के दो बजे ढही। फिलहाल प्रतिमा के ढहने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे
महाराष्ट्र: 10 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
पुणे के बाहरी इलाके में 10 वर्षीय लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म के आरोप में एक वरिष्ठ नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। पुणे ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना तब प्रकाश में आई जब लड़की ने अपने स्कूल में ‘गुड टच, बैड टच’ सत्र के दौरान इस बारे में बताया। अधिकारी ने बताया कि कुछ दिन पहले 67 वर्षीय आरोपी ने लड़की को स्कूल जाते समय रोका, उसे चॉकलेट दी और उसके करीब आने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जब लड़की स्कूल से लौट रही थी तो आरोपी उसे अपने घर ले गया और उससे दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया कि यह घटना पुणे के बाहरी इलाके में एक ग्रामीण क्षेत्र में हुई। अधिकारी ने बताया, ‘‘शनिवार को स्कूल में ‘गुड टच, बैड टच’ सत्र के दौरान लड़की ने आपबीती सुनाई। स्कूल प्रशासन ने लड़की के माता-पिता को इसकी सूचना दी, जिन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में जांच की जा रही है।’’