मुंबई में 58 करोड़ रुपये की डिजिटल अरेस्ट मामले की जांच कर रहे महाराष्ट्र साइबर विभाग को एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पता चला है, जिसके तार हांगकांग, चीन और इंडोनेशिया तक फैले हुए हैं। इसकी जानकारी एक अधिकारी ने मंगलवार को दी।
भारत के सबसे बड़े डिजिटल अरेस्ट घोटालों में से एक में साइबर जालसाजों ने इस साल 19 अगस्त से 8 अक्तूबर के बीच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी बनकर मुंबई के एक व्यवसायी से 58 करोड़ रुपये की ठगी की थी। अधिकारी ने बताया कि पूरा रैकेट क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन के जरिए संचालित होता था और चुराई गई धनराशि कई क्रिप्टो वॉलेट के जरिए विदेश भेजी जाती थी। जांचकर्ताओं ने पाया कि यह गिरोह कई कमीशन-आधारित बैंक खातों के जरिए काम करता था।
यह घोटाला तब सामने आया जब मुंबई के एक व्यवसायी ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें सीबीआई अधिकारी होने का दावा करने वाले किसी व्यक्ति का फोन आया था। कॉल करने वाले ने आधिकारिक पूछताछ की आड़ में उन्हें वीडियो कॉल में शामिल होने के लिए धमकाया और कई घंटों में उनके खातों से 58 करोड़ रुपये निकाल लिए। जांच के दौरान साइबर पुलिस को पता चला कि यह कोई अकेला मामला नहीं था, बल्कि एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का हिस्सा था जो एक साल से भी ज्यादा समय से भारतीय नागरिकों को निशाना बना रहा था।
मध्य रेलवे मजदूर संघ के पदाधिकारियों और 40 समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज
सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मुंबई में पिछले हफ्ते गैरकानूनी प्रदर्शन करने के लिए मध्य रेलवे मजदूर संघ के पदाधिकारियों और 40 सदस्यों या समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मध्य रेलवे मजदूर संघ (सीआरएमएस) के पदाधिकारियों और समर्थकों ने छह नवंबर को व्यस्त छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) पर लगभग एक घंटे के लिए उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवा रोक दी थी। यह विरोध नौ जून को मुंब्रा ट्रेन दुर्घटना मामले में इंजीनियरों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के विरोध में किया गया था।
एक अधिकारी ने बताया कि इस अचानक हुई हड़ताल के कारण लोकल ट्रेन सेवाओं में बाधा आई। प्रदर्शन के बाद कुछ समय में दक्षिण मुंबई के सैंडहर्स्ट रोड रेलवे स्टेशन के पास एक उपनगरीय ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। सीआरएमएस प्रदर्शनकारियों ने 5.30 बजे से 6.30 बजे तक सीएसएमटी पर इकट्ठा होकर जीआरपी के पुलिस महानिदेशक के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने पहले ही पांच या उससे अधिक लोगों के जमावड़े पर प्रतिबंध के आदेश जारी किए थे।
ढाई घंटे तक प्रभावित रही उपनगरीय लोकल ट्रेन की आवाजाही
बेलापुर-उरण मार्ग पर उपनगरीय लोकल ट्रेन की आवाजाही बुधवार को लगभग ढाई घंटे तक प्रभावित रही। यह परेशानी रेलवे ट्रैक के पास स्थित पेट्रोलियम पाइपलाइन में रिसाव होने के कारण हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि खरकोपर और उरण के बीच ट्रेन सेवाएं 1:10 बजे से 4:45 बजे तक रोकी गईं, क्योंकि ओवरहेड वायर को बिजली आपूर्ति से अलग कर दिया गया था। प्रवक्ता ने बताया, बेलापुर-उरण उपनगरीय मार्ग और इसके बगल की माल लाइन की ओवरहेड वायर को सावधानी के तौर पर बंद कर दिया गया, क्योंकि पाइपलाइन से पेट्रोलियम उत्पाद का रिसाव हुआ था।
महाराष्ट्र में 435 पंजीकृत राजनीतिक पार्टियां: राज्य निर्वाचन आयोग की अपडेटेड सूची जारी
महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने अपनी नई अधिसूचना में बताया है कि राज्य में कुल 435 राजनीतिक दल पंजीकृत हैं, जिनमें राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय और गैर-मान्यता प्राप्त दल शामिल हैं। यह सूची स्थानीय निकाय चुनावों से पहले जारी की गई है।
आयोग की ओर से यह अपडेटेड सूची महाराष्ट्र सरकार के राजपत्र (गजट) में 8 नवंबर को प्रकाशित की गई। गजट के अनुसार, नई सूची में शामिल 5 राष्ट्रीय राजनीतिक दल,5 राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त दल, 9 अन्य राज्यों के महाराष्ट्र-स्तरीय दल और 416 पंजीकृत लेकिन गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल हैं। इसके अलावा आयोग ने 194 स्वतंत्र चुनाव चिह्नों की सूची भी जारी की है, जिन्हें आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में आवंटित किया जाएगा।