मुंबई शहर के नागपाड़ा इलाके के लकड़ावाला बाजार में शनिवार शाम भीषण आग लगने से एक गोदाम जलकर खाक हो गया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
विज्ञापन
ढाई घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने रात 10.40 बजे आग पर काबू पा लिया। जिस गोदाम में आग लगी। वो राज ऑयल मिल के पीछे है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। आग पहली मंजिल पर 3,000-3500 वर्ग फीट क्षेत्र में बिजली के तारों, बिजली के सामान, लकड़ी के फर्नीचर तक ही सीमित थी। फिलहाल आग लगने का कारणों का पता नहीं चल पाया है।
गोदाम मालिक के पिता दिनेश ने बताया कि यह गोदाम एक-डेढ़ साल से यहां था। कम से कम 5 से 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ होगा। हमें कोई अंदाजा नहीं है आग कैसे लगी। फायर ब्रिगेड ने बहुत तेजी से आग पर काबू पाने का काम किया।
विज्ञापन
बीड़: ईवीएम स्ट्रॉन्गरूम के बाहर प्रदर्शन पर शरद पवार गुट के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज
महाराष्ट्र के बीड़ जिले में राकांपा (शरद पवार गुट) के एक उम्मीदवार और 20 अन्य लोगों के खिलाफ ईवीएम स्ट्रांगरूम के बाहर प्रदर्शन करने और आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार को परली वैजनाथ नगर परिषद भवन के बाहर हुई थी, जहां ईवीएम रखने के लिए स्ट्रांगरूम बनाया गया है।
निरीक्षक रघुनाथ नाचण ने बताया कि हाल ही में हुए नगर परिषद चुनावों में इस्तेमाल की गई ईवीएम और कंट्रोल यूनिट इसी स्ट्रांगरूम में रखी गई हैं और बुधवार रात शरद पवार गुट के कुछ कार्यकर्ता कथित तौर पर भवन के गेट पर एकत्र हुए, नारेबाजी करने लगे और अंदर जाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से वहां से हटने के निर्देश देने के बावजूद वे लोग कथित तौर पर वहां से जाने को तैयार नहीं हुए। वहां सीआरपीसी की धारा 144 लागू थी।
लातूर में नाबालिग लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म, मुख्य आरोपी और दो कैफे मालिक गिरफ्तार
लातूर में एक नाबालिग लड़की का 18 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि मुख्य आरोपी और दो कैफे के मालिकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चार दिसंबर को यह अपराध हुआ था। पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर लड़की को ढूंढ निकाला।
लड़की की शिकायत के आधार पर आरोपी रिहान गुलाब शेख को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि दो अन्य आरोपी उन दो कैफे के मालिक हैं, जहां यह अपराध हुआ था। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पोक्सो अधिनियम और अत्याचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने अपने बेटे को 'दूरदर्शी सांसद' बताया
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को डोंबिवली में विकास कार्यों का शिलान्यास किया और इन परियोजनाओं के निरंतर क्रियान्वयन के लिए कल्याण से सांसद और पुत्र श्रीकांत शिंदे की प्रशंसा की। शिंदे ने प्रेरणा युद्ध स्मारक का उद्घाटन किया और संत सावलाराम महाराज म्हात्रे खेल परिसर के पुनर्विकास और सावित्रीबाई फुले थिएटर के जीर्णोद्धार का शुभारंभ किया।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा, "सांसद श्रीकांत शिंदे के निरंतर समर्थन के कारण ही आज ये कार्य पटरी पर हैं।" उन्होंने कहा कि सरकार ने कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र के त्वरित विकास के लिए पहले ही करोड़ों रुपये मंजूर कर दिए हैं। सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा कि 2014 के बाद से इस क्षेत्र में परिवर्तन आया है, मेट्रो लाइनें, फ्लाईओवर, शिल फाटा रोड को छह लेन का बनाने और नई रेल अवसंरचना का निर्माण हुआ है।
गौरतलब है कि इस कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण भी मौजूद थे। पिछले महीने, शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और सहयोगी भाजपा के बीच संबंधों में उस समय तनाव आ गया था, जब चव्हाण ने शिवसेना के कुछ सदस्यों को बीजेपी में शामिल कर लिया था।
सीआरपीएफ में नौकरी का वादा कर बेस्ट कंडक्टर से 4.5 लाख रुपये ठगे
मुंबई में बेस्ट बस सेवा के 36 वर्षीय कंडक्टर से तीन लोगों ने कथित तौर पर 4.5 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस ने शनिवार को बताया कि इन लोगों ने उसे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में नौकरी दिलाने का वादा किया था। चूनाभट्टी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि नवी मुंबई निवासी महेश देवकर की शिकायत पर सरफराज सलमानी, नीलेश सरोदे और योगेश कुमार शुक्ला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। देवकर ने शिकायत में कहा कि 2022 में, एक दोस्त ने उसे सरोदे से मिलवाया, जिसने दावा किया कि उसके पास ऐसे संपर्क हैं, जो उसे सरकारी नौकरी दिलाने में मदद कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही उन्हें बताया गया कि सीआरपीएफ में हवलदार के पद रिक्त हैं।
सरोदे ने उसे सलमानी से मिलवाया, जिसने दावा किया कि वह सरकारी नौकरी की प्रक्रिया संभालता है और कथित तौर पर "फीस" के रूप में 1 लाख रुपये की मांग की। कुछ दिनों बाद सलमानी ने देवकर को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए दिल्ली बुलाया, जहां उनका परिचय योगेश कुमार से हुआ।
इसके बाद तीनों ने कथित तौर पर उसे सीआरपीएफ का एक फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया और तीन लाख रुपये और मांगे। दबाव में आकर देवकर ने किश्तों में साढ़े तीन लाख रुपये और दे दिए। उसे एक फर्जी प्रशिक्षण पत्र भी जारी कर दिया गया। लेकिन जब उन्हें अपडेट मिलना बंद हो गया, तो उन्होंने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें 50,000 रुपये का चेक दिया गया, जो बाउंस हो गया। देवकर को तब पता चला कि नियुक्ति और प्रशिक्षण पत्र समेत सभी दस्तावेज फर्जी थे, और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
नासिक: घाट इलाके में 600 फुट गहरी खाई गिरी कार, छह की मौत
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार को नासिक के कलवन तालुका के सप्तश्रृंग गढ़ घाट में एक कार के 600 फुट गहरी खाई में गिरने से छह लोगों की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि यह घटना शाम चार बजे हुई और मृतक निफाड़ तालुका के पिंपलगांव बसवंत के रहने वाले हैं। टोयोटा इनोवा वाहन में कुल सात यात्री सवार थे। मृतकों की पहचान कीर्ति पटेल, रसीला पटेल, विट्ठल पटेल, लता पटेल, वचन पटेल और मणिबेन पटेल के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। स्थानीय उप-कलेक्टर और जिला आपदा प्राधिकरण के सीईओ रोहित कुमार राजपूत ने बताया कि पुलिस और जिला आपदा प्रबंधन समिति के कर्मियों की तैनाती के साथ अभियान जारी है।
नवी मुंबई में घायल विदेशी नागरिक की मौत
मुंबई पुलिस ने बताया कि नवी मुंबई में एक आवासीय इमारत के पास गंभीर रूप से घायल मिले एक अज्ञात विदेशी नागरिक की रविवार शाम एक नागरिक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।मामले में एक अधिकारी ने बताया कि मृतक व्यक्ति, जिसके पास कोई दस्तावेज नहीं था, सानपाड़ा के सेक्टर 1 में संदिग्ध रूप से छिपा हुआ पाया गया था और उसकी राष्ट्रीयता अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस को संदेह है कि वह नशे में था और गेट से कूदते समय गिर गया, यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। अधिकारी ने बताया कि उसे गंभीर चोटें आईं थीं और उसे पहले वाशी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया और बाद में मुंबई के एक नागरिक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है।