भारत सरकार से चुनौतियों का सामना कर रहे टेस्ला के सीईओ एलन मस्क को महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री ने बड़ा ऑफर दिया है। दरअसल, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री जयंत पाटिल ने कहा है कि महाराष्ट्र पूरे देश के सबसे प्रगतिशील राज्यों में से एक है। हम आपको महाराष्ट्र की तरफ से आपके कारोबार को बढ़ाने के लिए पूरी मदद देंगे। महाराष्ट में हम आपको अपने मैन्युफैक्चरिंग प्लांट को स्थापित करने के लिए आमंत्रित करते हैं।
मस्क को मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने का मिला आमंत्रण
जयंत पाटिल ने ट्वीट कर कहा कि महाराष्ट्र भारत के सबसे प्रगतिशील राज्यों में से एक है। हम आपको भारत में स्थापित होने के लिए महाराष्ट्र से सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे। हम आपको महाराष्ट्र में अपना विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित करते हैं। दरअसल उन्होंने एलन मस्क के चैलेंजिंग वाले ट्वीट को रिप्लाई करते हुए ये बात कही।
एलन मस्क को भारत सरकार से कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा
दरअसल, 12 जनवरी को टेस्ला के सीईओ एलन मस्क से ट्विटर पर एक यूजर ने पूछा था कि टेस्ला (Tesla) भारत में कब आ रही है? इसके जवाब में उन्होंने कहा था कि उन्हें अभी भारत सरकार के साथ कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। मस्क के इसी ट्वीट के जवाब में सबसे पहले तेलंगाना के उद्योग मंत्री आगे आए। उन्होंने कहा कि तेलंगाना द्वारा भारत में टेस्ला को स्थापित करने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए कंपनी के साथ साझेदारी करने में उन्हें खुशी होगी।
मस्क ने 2020 में भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण का किया था एलान
मस्क ने 2020 में कहा था कि टेस्ला भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाएगी। इंडिया मोटर्स एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक टेस्ला सहायक कंपनी की स्थापना की गई है। कंपनी बेंगलुरु से बाहर स्थित है।
भारत में टैक्स दुनिया के बाकि देशों से ज्यादा: टेस्ला
बता दें टेस्ला इस साल देश में अपनी इम्पोर्टेड कारों की बिक्री करना चाहती है, लेकिन कंपनी का कहना है कि भारत में टैक्स दुनिया के बाकि देशों से ज्यादा है।