मुंबई में एक बार फिर प्रवासी श्रमिकों की सहनशीलता जवाब दे गई और वे बांद्रा टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर हजारों की संख्या में जमा हो गए। इससे सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ गई। सभी मजदूर ट्रेन पकड़कर बिहार जाने के लिए स्टेशन पर इकट्ठा हुए थे। लेकिन उन्हें श्रमिक स्पेशल ट्रेन में जाने से रोक दिया गया। पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को तितर-बितर किया।
मुंबई बीजेपी के महामंत्री अमरजीत मिश्र ने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र सरकार कानून व्यवस्था नहीं संभाल पा रही है। उन्होने कहा कि बांद्रा में पुलिस की लापरवाही, मनमानी व गैरजिम्मेदाराना रवैये की वजह से प्रवासी मजदूरों की भारी भीड जुटी।
उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों के अधिकृत यात्रियों की जगह रिश्वत लेकर लोग भेजे जा रहे हैं। मिश्र ने कहा कि पिछ्ले कई दिनों से प्रवासी मजदूर शिकायत कर रहे हैं कि उन्हे पुलिस थाने से फोन आता है। जब वे स्टेशन पहुंचते हैं तो टोकन पाए यात्रियों की जगह पर रिश्वत लेकर पुलिस दूसरों को ट्रेन में बैठा देती है। मिश्र ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।