महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे की सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। फडणवीस के नेतृत्व में भाजपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी से मिला और केंद्र की तर्ज पर राज्य में विशेष पैकेज घोषित करने की मांग की।
फडणवीस ने मांग की है कि राज्य सरकार पैदल जा रहे प्रवासी श्रमिकों को रोककर उन्हें गाड़ियां उपलब्ध कराए। लेकिन राज्य सरकार इन प्रवासियों की कोई चिंता नहीं है। यह दुखद है कि राज्य में गरीब मजदूरों के लिए अभी तक कोई मदद नहीं की है।
देवेंद्र फडणवीस ने एनसीपी चीफ शरद पवार पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि किसानों की मदद को लेकर बार-बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखते हैं। पवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को भी पत्र लिखना चाहिए कि किस प्रकार से यहां पर गरीबों की मदद करनी चाहिए।
संकट के समय में राजनीति न करे विपक्ष : थोरात
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात ने कोरोना संक्रमण में विपक्ष पर राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विश्वव्यापी महामारी में विपक्ष को सरकार का साथ देना चाहिए। लेकिन, विपक्ष केवल राजनीति कर रहा है।