महाराष्ट्र-झारखंड और उपचुनाव से जुड़े अपडेट्स
- फोटो : अमर उजाला
झारखंड में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच जारी सियासी बयानबाजी में वाम दल भी कूद पड़ा है। विपक्षी गठबंधन- INDIA की सहयोगी पार्टी- भाकपा (माले) लिबरेशन ने चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। वाम दल का कहना है कि झारखंड में 'कॉरपोरेट लूट' चल रही है। इनसे ध्यान भटकाने के लिए भाजपा कथित बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा उठा रही है। भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा, भाजपा एक दशक से केंद्र में सत्ता में है। घुसपैठ रोकना उसका कर्तव्य है। उन्होंने कहा, भाजपा छत्तीसगढ़ और ओडिशा में विधानसभा चुनाव जीत चुकी है। अब अगर झारखंड में भी सत्ता हासिल कर लेती है, तो वह एक खास कॉरपोरेट घराने को लाभ पहुंचाने के लिए त्रिकोण बना लेगी। यही कारण है कि भाजपा नेता चुनाव से पहले झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब झारखंड की सीमा बांग्लादेश से नहीं लगती है, तो घुसपैठ कैसे हो सकती है?
चुनाव ड्यूटी के लिए शिक्षकों की जानकारी नहीं दी, 33 स्कूलों के खिलाफ मामला दर्ज
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 20 नवंबर को होना है। इसी बीच चुनाव ड्यूटी के लिए शिक्षकों की जानकारी साझा न करने पर 33 स्कूलों के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की घटना सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक छत्रपति संभाजीनगर जिले की पुलिस ने 33 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के संबंध में अधिकारी ने बताया कि शिक्षा विभाग ने पिछले महीने स्कूलों को राज्य चुनाव आयोग द्वारा बनाए गए पोर्टल पर शिक्षकों की जानकारी देने का आदेश दिया था। बार-बार याद दिलाने के बावजूद 33 स्कूलों ने अपने स्टाफ का ब्योरा नहीं दिया गया। बुधवार को उन्हें अंतिम पत्र जारी किया गया। इसके बाद भी जानकारी साझा नहीं की गई तो विभाग ने प्रधानाध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की।
घर-घर जाकर लोगों को जागरुक करेंगे भाजपा नेता
महाराष्ट्र भाजपा के नेता किरीट सोमैया ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 1947 से पहले की मुस्लिम लीग बन गई है। कांग्रेस, मुस्लिमों को धर्म के नाम पर भड़का रही है और कह रही है कि वह उनकी सारी मुरादें पूरी करेगी। हम घर-घर जाकर लोगों को जागरुक करेंगे और लोगों को कांग्रेस की नीतियों के बारे में बताएंगे। लोगों को एकजुट करने की कोशिश की जाएगी क्योंकि 'बंटेंगे तो कटेंगे'।
Jharkhand Election 2024: भाजपा पर झामुमो का हमला
झामुमो नेता मनोज पांडे ने कहा कि 'भाजपा कल्पना सोरेन की रैलियों में उमड़ रही भीड़ को देखकर बौखलाई हुई है। भाजपा नफरत की राजनीति करती है और नफरत को हथियार बनाकर चुनाव लड़ती है। लेकिन अब वे एक महिला से क्यों घबराए हुए हैं? कल्पना सोरेन झारखंड की शेरनी हैं और आप (भाजपा) चुनाव में बुरी तरह हारने वाले हैं।'
मुंबई में पुलिस ने जब्त किए 2.3 करोड़ रुपये नकद, 12 लोग हिरासत में
मुंबई पुलिस ने कांदिवली इलाके में 2.3 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया है। खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लोकमान्य तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम ने गुरुवार की रात को एक ठिकाने पर छापा मारा, जहां से करोड़ों रुपये की नकदी बरामद हुई। मौके पर मौजूद उस पैसे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए। राज्य में चुनाव आचार संहिता लागू है और नकदी, शराब और अन्य चीजों की तलाश में पुलिस टीमें सघन अभियान चला रही हैं। पुलिस ने पूरी नकदी को आयकर विभाग को सौंप दिया है।
वायनाड से राहुल गांधी-प्रियंका गांधी की तस्वीरों वाले खाने के सामान जब्त
केरल के वायनाड में पुलिस और चुनाव आयोग की टीम ने खाने के सामान को जब्त किया है। दरअसल ये सामान लोगों को बांटा जा रहा था और इस पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तस्वीरें छपी थी। पुलिस ने इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन माना है।
कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ने जम्मू कश्मीर के खिलाफ साजिशें शुरू कीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के धुले में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'जैसे ही कांग्रेस और INDI गठबंधन को जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने का मौका मिला, उन्होंने कश्मीर के खिलाफ अपनी साजिशें शुरू कर दीं। दो दिन पहले, उन्होंने अनुच्छेद 370 को बहाल करने के लिए जम्मू-कश्मीर विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित किया, क्या देश यह स्वीकार करेगा?'
सुप्रिया सुले ने कहा- अदृश्य शक्ति के जरिए ICE किया जा रहा
NCP-SC सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, 'ICE यानि इनकम टैक्स, CBI और ED और जिस तरह से विपक्ष में बैठे लोगों को कश्मीर से कन्याकुमारी तक अदृश्य शक्ति के जरिए ICE किया जा रहा है। एजेंसियां बुरी नहीं हैं, एजेंसियां अच्छी हैं और वहां काम करने वाले लोग अच्छे हैं। समस्या अदृश्य शक्ति की है। 95% मामले विपक्ष में बैठे लोगों के हैं और अगर वो व्यक्ति भाजपा में चला जाता है तो उसके सारे काम माफ हो जाते हैं। तो जिस तरह से किताब में ये पूरा बयान आया है, मुझे लगता है कि ये बहुत गंभीर है।'
'हम राजनीति में लोगों की सेवा करने आए हैं'
प्रधानमंत्री मोदी ने धुले में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'हर किसी का राजनीति में आने पर अपना लक्ष्य होता है। हम जैसे लोग जनता की सेवा करने के लिए राजनीति में आए हैं, जबकि कुछ लोगों के लिए राजनीति का आधार लोगों को लूटना है। जब लोगों को लूटने की नीयत रखने वाले महाअघाड़ी जैसे लोग सत्ता में आते हैं, तो वे विकास को रोकते हैं और हर योजना में भ्रष्टाचार करते हैं। महाअघाड़ी के लोगों के धोखे से बनी सरकार के ढाई साल आपने देखे हैं। इन लोगों ने पहले सरकार को लूटा और फिर महाराष्ट्र के आप लोगों को भी लूटना शुरू कर दिया। इन लोगों ने मेट्रो परियोजनाओं को रोका, वधावन पोर्ट के काम में बाधा डाली... महाआघाड़ी के लोगों ने हर उस योजना को रोका जो महाराष्ट्र के लोगों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने वाली थी।'
ठाणे में आचार संहिता लागू होने के बाद से 13.26 करोड़ रुपये की अवैध सामग्री जब्त
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से 15 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच ठाणे जिले में अधिकारियों ने 13.26 करोड़ रुपये की अवैध सामग्री जब्त की है, जिसमें शराब, मादक पदार्थ और मुफ्त में दिया गया सामान शामिल है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार ठाणे के जिलाधिकारी अशोक शिंगारे ने बुधवार को विशेष पर्यवेक्षक (व्यय) बी आर बालाकृष्णन के साथ समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि जब्ती के संबंध में कुल 209 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
'महाराष्ट्र में 'झूठ, लूट, फूट' की सरकार है'
स्वराज इंडिया के प्रमुख योगेंद्र यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन पर महाराष्ट्र में 'झूठ, लूट, फूट' की सरकार चलाने का आरोप लगाया है। पालघर जिले के दहानु में गुरुवार को मौजूदा विधायक विनोद निकोल के समर्थन में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने लोगों से वित्तीय वादों से प्रभावित होने के बजाय मूल्यों और सिद्धांतों के आधार पर वोट देने का आग्रह किया।
विपक्षी गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडी) के घटक दल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने निकोल को दहानु से फिर से उम्मीदवार बनाया है। यादव ने मौजूदा सरकार को 'झूठ, लूट, फूट वाली सरकार करार दिया और आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग विनाशकारी नीतियां लागू कर रहे हैं।
शिवाजीनगर विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार दत्ता बहिरात के समर्थन में एनसीपी-एसपी नेता सुप्रिया सुले ने रोड शो किया।
पलामू में सीएम मोहन यादव की जनसभा
झारखंड के पलामू में मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने कहा कि 'राज्य के लोगों ने अपना मन बना लिया है कि हेमंत सोरेन इस बार चुनाव नहीं जीतने जा रहे।'
वहीं रांची में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान झारखंड भाजपा के सह-प्रभारी और असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि असम के सीमाएं पीएम मोदी ने सुरक्षित कीं और अब झारखंड की सीमाओं की बारी है। झारखंड में लगातार घुसपैठ हो रही है, लेकिन हाईकोर्ट में राज्य सरकार कुछ और ही कह रही है।