एनसीपी अजीत पवार गुट ने जारी किया घोषणापत्र
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और महायुति के घटक एनसीपी अजती पवार ने भी घोषणापत्र जारी किया है। पार्टी अध्यक्ष अजीत पवार ने बारामती में जारी घोषणापत्र में 11 वादे किए हैं। लाडली बहिन योजना में मौजूदा मासिक मिलने वाली राशि 1500 को बढ़ाकर 2100 रुपये करने की घोषणा की है। इसी प्रकार किसानों के लिए पार्टी ने शेतकारी सम्मान निधि को 12000 से बढ़ाकर 15000 रुपये प्रति वर्ष करने का वादा किया है। इसके अलावा पार्टी ने किसानों की ऋण माफी और एमएसपी के तहत बेची जाने वाली फसलों पर 20 फीसदी अतिरिक्त सब्सिडी देने का वादा किया है। घोषणा पत्र में पार्टी ने धान की फसल उगाने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 25,000 रुपये बोनस देने का आश्वासन दिया है। वहीं 25 लाख रोजगार पैदा करने और 10 लाख छात्रों को प्रति माह 10,000 रुपये स्टाइपेंड देने का वादा किया है। उल्लेखनीय है कि पार्टी महाराष्ट्र में 52 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
कांग्रेस नेता मोहन प्रकाश को महाराष्ट्र चुनाव के लिए विदर्भ का वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को अपनी पार्टी के सहयोगी मोहन प्रकाश को महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए विदर्भ क्षेत्र का वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया। इस संदर्भ में एआईसीसी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के हवाले से एक बयान भी जारी किया गया है। इसमें कहा गया कि प्रकाश की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से होगी।
गौरतलब है कि कांग्रेस 288 सदस्यीय राज्य विधानसभा का चुनाव शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के साथ गठबंधन में लड़ रही है। तीनों दल विपक्षी गुट महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के घटक हैं।
शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ 'पार्टी विरोधी' गतिविधियों के लिए निलंबित
ठाणे जिले के कल्याण से विवादास्पद शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ और सत्तारूढ़ दल के नौ अन्य सदस्यों को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव प्रक्रिया के दौरान "पार्टी विरोधी" गतिविधियों के लिए निलंबित कर दिया गया है। महेश गायकवाड़ इस साल फरवरी में तब सुर्खियों में आए जब पुरानी दुश्मनी को लेकर उल्हासनगर शहर के एक पुलिस स्टेशन के अंदर भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने उन्हें गोली मार दी।
इस बारे में बुधवार को शिव सेना के कल्याण जिला प्रमुख गोपाल लांडगे द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि महेश गायकवाड़ सहित संगठन के सदस्य "पार्टी विरोधी" गतिविधियों में शामिल थे और वर्तमान चुनावों में नेतृत्व के निर्देशों का पालन नहीं किया।
वहीं, भाजपा ने कल्याण मंडल के अध्यक्ष वरुण पाटिल को छह साल के लिए निलंबित कर दिया है, जो 20 नवंबर के विधानसभा चुनाव में कल्याण पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण से शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ और महायुति के नौ अन्य सदस्यों को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान कथित तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के लिए निलंबित कर दिया गया। महेश गायकवाड़ इस साल फरवरी में चर्चा में आए थे, जब भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने पुरानी रंजिश के चलते उल्हासनगर शहर के एक थाने के अंदर उन पर गोली चला दी थी।
शिवसेना के कल्याण जिला प्रमुख गोपाल लांडगे ने बुधवार को एक बयान में बताया कि महेश गायकवाड़ समेत गठबंधन के सदस्य ‘‘पार्टी विरोधी’’ गतिविधियों में शामिल थे और मौजूदा चुनावों में पार्टी के निर्देशों का पालन नहीं कर रहे थे। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति में शिवसेना, भाजपा और राकांपा शामिल हैं।
शिवसेना यूबीटी का वचननामा जारी
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने राज्य चुनावों के लिए 'वचननामा' जारी किया। इस दौरान उन्होंने कहा, "मैंने अभी शिवसेना की ओर से महा विकास अघाड़ी की सरकार आने के बाद हम क्या-क्या करेंगे, जनता की सेवा हम कैसे करेंगे, उसके लिए हमने वचननामा जनता के सामने रखा है। हम जो कहते हैं वो करते हैं। हमने कई वादें पूरे किए हैं और आज भी हमने जो वादे किए हैं, उन्हें हम जनता का आशीर्वाद मिलने के बाद पूरा करेंगे।"
अजित पवार ने किया नवाब मलिक का बचाव
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में राकांपा की तरफ से नवाब मलिक को उतारने पर पार्टी के अध्यक्ष अजित पवार उनके बचाव में उतरे हैं। पवार ने कहा कि हमने उन्हें उम्मीदवारी दी, इसलिए हमें उनके अभियान में जाना पड़ेगा। उनके खिलाफ कोई भी आरोप साबित नहीं हुआ तो आखिर उन्हें दोषी कैसे कहा जा सकता है।"
राज ठाकरे पर बरसी कांग्रेस
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बीच नेताओं में आपसी टकराव नजर आने लगे हैं। अब कांग्रेस नेता नाना पटोले ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे पर हमला बोला है। पटोले ने कहा कि उनके बारे में बात करने की जरूरत ही नहीं, जो संवैधानिक प्रणाली को नहीं मानते। हमारा संविधान कहता है कि सभी अपना धर्म मान सकते हैं, लेकिन कुछ लोग हैं जो समाज में धर्म के आधार पर बंटवारा करना चाहते हैं। वे संविधान को नहीं मानते। इसलिए उनके बारे में बात करना भी बेकार है।
भाजपा पर हेमंत सोरेन का करारा हमला
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने अपने ट्वीट में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, वे यहां 'बौद्धिक जहर' फैला रहे हैं। लेकिन यह यहां काम नहीं करेगा।
आदिवासियों की दुर्दशा के कारण भाजपा में शामिल हुए मंडल मुर्मू- चंपई सोरेन
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा प्रत्याशी चंपई सोरेन ने गुरुवार को दावा किया कि आदिवासी प्रतीक सिद्धो-कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू संताल परगना में आदिवासियों की दुर्दशा के कारण भाजपा में शामिल हुए हैं। सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सोरेन ने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी घुसपैठिए स्थानीय आदिवासियों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं, जबकि राज्य सरकार कार्रवाई करने में विफल रही है। मंडल मुर्मू आगामी चुनावों में बरहेट विधानसभा क्षेत्र से झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नामांकन के प्रस्तावकों में से एक थे।
वहीं मंडल मुर्मू के फैसले का जिक्र करते हुए चंपई सोरेन ने पूछा, क्या आप जानना चाहते हैं कि आदिवासी समुदाय से जुड़े मुद्दों को उठाने वाले इस युवा ने यह फैसला क्यों लिया? चंपई सोरेन ने संताल परगना के आदिवासी बहुल क्षेत्र भोगनाडीह की स्थिति का जिक्र किया, जहां उन्होंने कहा कि सड़क किनारे नए बने घरों में एक विशेष राजनीतिक दल के झंडे लगे हुए हैं। चंपई सोरेन के अनुसार, इनमें से ज़्यादातर घर बांग्लादेश से आए घुसपैठियों के हैं, जो, उनके अनुसार, आदिवासी ज़मीनों पर कब्ज़ा करने, समुदाय के सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ने और आदिवासी महिलाओं के प्रति अनादर दिखाने के लिए राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर रहे हैं।
एनसीपी (सपा) उम्मीदवार का अनोखा वादा- चुनाव जीता तो कुंवारों की कराऊंगा शादी
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में एनसीपी (सपा) के उम्मीदवार राजेशाहब देशमुख ने वादा किया है कि अगर वह विधानसभा चुनाव जीतते हैं तो वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में कुंवारे लोगों की शादी कराएंगे। बीड जिले के परली से चुनाव लड़ रहे राजेशाहब देशमुख की तरफ से किए गए इस अनोखे वादे ने ग्रामीण क्षेत्रों में विवाह योग्य आयु के पुरुषों को दुल्हन न मिलने की समस्या को उजागर किया है। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
एनसीपी(सपा) ने कहा, अगर मैं विधायक बन गया तो सभी कुंवारों की शादी करवा दूंगा। हम युवाओं को काम देंगे। लोग पूछते हैं कि क्या उसके पास नौकरी या व्यवसाय है। जब जिले के संरक्षक मंत्री (धनंजय मुंडे) के पास खुद कोई व्यवसाय नहीं है, तो आपको क्या मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि धनंजय मुंडे ने निर्वाचन क्षेत्र में एक भी उद्योग नहीं लाया और इसलिए स्थानीय कुंवारों को नौकरी की कमी के कारण शादी करने में मुश्किल हो रही है। 20 नवंबर को होने वाले चुनाव में उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी राज्य के कृषि मंत्री धनंजय मुंडे हैं, जो उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता हैं।
माहिम विधानसभा सीट को लेकर उद्धव ठाकरे का बड़ा दावा
शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने माहिम विधानसभा सीट को लेकर दावा किया है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि माहिम में उनकी पार्टी के उम्मीदवार के लिए प्रचार करने की कोई जरूरत नहीं है। माहिम को अपनी पार्टी की सीट बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के हर निर्वाचन क्षेत्र में रैली करने के लिए समय की कमी है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पार्टी ने 17 नवंबर को दादर के शिवाजी पार्क में रैली करने की अनुमति के लिए अधिकारियों से संपर्क किया है। शिवाजी पार्क माहिम विधानसभा क्षेत्र में आता है।
माहिम सीट से उनके चचेरे भाई राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे माहिम सीट से अपना पहला चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि सेना (यूबीटी) के महेश सावंत और एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना के मौजूदा विधायक सरवणकर भी मैदान में हैं।
लोग हमारे साथ हैं और हम जीतेंगे- नवाब मलिक
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मानखुर्द शिवाजी नगर से एनसीपी उम्मीदवार नवाब मलिक ने कहा, हम लोगों के अनुरोध पर चुनाव लड़ रहे हैं। अजित दादा (पवार) ने मुझे उम्मीदवार बनाया है। मैं एनसीपी उम्मीदवार हूं, महायुति ने मेरे खिलाफ अपना उम्मीदवार उतारा है। लोग हमारे साथ हैं और हम जीतेंगे।
मुंबई में एक चुनावी रैली के दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार ने कहा, उनके (महा विकास अघाड़ी) तरफ से किए गए वादों को पूरा करने के लिए हर साल 3 लाख करोड़ रुपये की जरूरत है। हमारे (महायुति) वादों को पूरा करने के लिए हमें 75,000 करोड़ रुपये चाहिए। उन्होंने कहा कि वे कई चीजें मुफ्त में देंगे, लेकिन वे पैसा कहां से लाएंगे? वे झूठ बोल रहे हैं और लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
चौंकाने वाले होंगे विधानसभा चुनाव के नतीजे- नवाब मलिक
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मानखुर्द शिवाजी नगर से एनसीपी उम्मीदवार नवाब मलिक ने कहा, हमें लगता है कि लोगों ने चुनाव अपने हाथ में ले लिया है और भाजपा, शिवसेना के विरोध के बावजूद अजित पवार ने मुझे उम्मीदवार बनाया है। इसलिए लोग यह चुनाव लड़ रहे हैं और नतीजे चौंकाने वाले होंगे।
महा विकास अघाड़ी की गारंटियां झूठी हैं- रेड्डी
महाराष्ट्र में एमवीए की पांच गारंटियों पर केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, 'उनकी गारंटियां झूठी हैं। कांग्रेस पार्टी तीन राज्यों- तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में सत्ता में है। उन्होंने तीनों राज्यों में एक भी गारंटी लागू नहीं की है। उन्होंने किसानों, महिलाओं, युवाओं से किए गए वादों को पूरा नहीं किया है। वे सिर्फ गारंटी के नाम पर जनता को गुमराह करते हैं। जनता उनका असली चेहरा जानती है। कोई भी मतदाता कांग्रेस को वोट देने के लिए तैयार नहीं है... चाहे वे कितनी भी गारंटी दें या झूठा प्रचार करें, जनता उन पर भरोसा नहीं करती। जनता जानती है कि भाजपा जो कहती है वो करती है, उन्हें प्रधानमंत्री मोदी की गारंटियों पर भरोसा है।
नवाब मलिक और सना मलिक के लिए अजित पवार ने किया चुनाव प्रचार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार ने मानखुर्द शिवाजी नगर से पार्टी के उम्मीदवार नवाब मलिक और अणुशक्ति नगर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार सना मलिक के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने कहा, मैं अपने कई उम्मीदवारों की रैलियों में जाता हूं। मैं सना और नवाब भाई की रैली में आया हूं, आप लोगों का उत्साह देख सकते हैं। इसमें सभी वर्गों के लोग शामिल हुए हैं, हमें खुशी है कि हमें लोगों का समर्थन मिल रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम दोनों सीटें जीतेंगे, सभी को साथ लेकर चलने से ही विकास संभव है, चाहे वह किसी भी धर्म या जाति का हो।