आयोग का भाजपा को निर्देश, हटाएं आपत्तिजनक पोस्ट
निर्वाचन आयोग ने झारखंड भाजपा को पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भ्रामक पोस्ट हटाने का निर्देश दिया है। कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) झारखंड भाजपा के सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण वीडियो के संबंध में आयोग से शिकायत की थी।
निर्वाचन आयोग ने रविवार को झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को मामले में तुरंत कार्रवाई करने और आईटी अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए। आयोग ने संबंधित पोस्ट पर आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों के कथित उल्लंघन के बारे में स्पष्टीकरण देने के लिए एक नोटिस भी जारी किया।
महाराष्ट्र चुनाव पर बोले चिराग पासवान
लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को महाराष्ट्र चुनाव को लेकर महाविकास अघाड़ी (एमवीए) पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में मौजूदा सरकार के प्रति लोगों का भरोसा हर गुजरते दिन के साथ बढ़ता जा रहा है।
जारी रहेगी डबल इंजन वाली सरकार- पासवान
उन्होंने कहा कि लोग चाहते हैं कि महाराष्ट्र में यह डबल इंजन वाली सरकार आने वाले दिनों में भी जारी रहे। लोगों ने इस बारे में अपना मन बना लिया है। हम अपने गठबंधन के प्रति लोगों में उत्साह देख सकते हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष ने लोगों को डराकर और झूठ बोलकर उनके वोट हासिल किए हैं। इसीलिए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा है कि 'एक हैं तो सुरक्षित हैं।
कांग्रेस ने बाबासाबेह का अपमान किया- चिराग पासवान
इसके साथ ही कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने दावा किया कि डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर का कांग्रेस द्वारा हमेशा अपमान किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता अंबेडकर की लोकसभा चुनाव में हार सुनिश्चित की है। बिहार के हाजीपुर से सांसद ने मुंबई के दादर में चैत्य भूमि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंबेडकर के आदर्शों को लागू करने की दिशा में काम कर रहे हैं और यही कारण है कि विपक्ष डरा हुआ है और सार्वजनिक रूप से संविधान की धज्जियां उड़ा रहा है।