महाराष्ट्र के आदिवासी विकास मंत्री आशीष उइके ने बुधवार रात कहा कि पुणे के आदिवासी छात्रावास में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ उनकी बैठक सकारात्मक रही। उन्होंने भरोसा दिया कि छात्रों की कई मांगें मानी जाएंगी। हालांकि, छात्रों के एक प्रतिनिधि ने कहा कि सरकार की ओर से लिखित आश्वासन मिलने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। मंत्री और प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रतिनिधियों के बीच बैठक रात 10:30 बजे तक पांच घंटे से अधिक चली।
मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ''छात्रों और उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक सकारात्मक रही। हमने एक-दूसरे से बातचीत और चर्चा की। छात्रों की ओर से रखी गई कई मांगें पूरी की जाएंगी। हमने दो दिन का समय मांगा है क्योंकि कुछ मुद्दों पर चर्चा की जानी है।'' छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि मंत्री ने उनकी 14 मांगें मानने पर सहमति जताई है।
हालांकि, उन्होंने कहा, ''सरकार की ओर से लिखित रूप में ठोस जवाब मिलने तक हम प्रदर्शन जारी रखेंगे। कई मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई है, लेकिन इसके लिए हमें सरकारी निर्णय (जीआर) चाहिए।'' एक दिन पहले ही सरकार ने चल रहे आंदोलन के बीच आदिवासी छात्रावासों में दाखिले के लिए 30 साल की अधिकतम उम्र की सीमा हटा दी थी।
कॉलेजों के आदिवासी छात्रों का एक समूह पिछले 13 दिनों से छात्रावास में विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहा है। उनकी मांगों में छात्रावास की सुविधाओं, दाखिले के नियमों और अन्य मुद्दों से जुड़े विषय शामिल हैं। एक प्रदर्शनकारी की तबीयत बिगड़ने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। छह छात्र आदिवासी सरकारी बालक छात्रावास में भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने बुधवार को भी अपना अनशन जारी रखा।
यह छात्रावास पुणे के मंजरी इलाके में स्थित है। बुधवार को कई राजनीतिक नेताओं ने प्रदर्शन स्थल का दौरा किया। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की विद्यार्थी सेना के अमित ठाकरे ने छात्रों से फोन पर बात की और उनके प्रदर्शन का समर्थन किया।
ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर मुंबई के जज पर चल सकता है मुकदमा
भ्रष्टाचार के एक हाई-प्रोफाइल मामले ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर मुंबई के एक जज पर मुकदमा चल सकता है। एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने मुंबई सिटी सिविल एंड सेशंस कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी मांगी है।
आरोपी जज फिलहाल निलंबित हैं, लेकिन पिछले एक दशक में न्यायपालिका से जुड़े किसी मामले में एसीबी के अभियोजन की मंजूरी मांगने का यह पहला मामला है। जानकारी के मुताबिक, एसीबी ने जुलाई में विधि एवं न्याय विभाग को प्रस्ताव भेजा था, जिसे आगे के निर्णय के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही इस मामले में औपचारिक चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
ये है पूरा मामला
नवंबर 2025 में एसीबी ने एक सिविल विवाद में अनुकूल आदेश दिलाने के बदले में 15 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए चंद्रकांत वासुदेव नामक क्लर्क को गिरफ्तार किया था। जांच में आरोप लगा कि क्लर्क ने यह घूस जज के लिए ली थी। चूंकि जज को रंगे हाथों नहीं पकड़ा गया था, इसलिए एसीबी ने फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) से ऑडियो रिकॉर्डिंग और वॉयस सैंपल की जांच कराई। रिपोर्ट में बातचीत की पुष्टि होने के बाद ही अभियोजन मंजूरी के लिए यह कदम उठाया गया।
हॉस्टल में छात्राओं से छेड़छाड़, कुक गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक सरकारी आदिवासी आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि हॉस्टल के 35 वर्षीय कुक गणपत गावली को 22 छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। शाहपुर के पुलिस उप महानिरीक्षक विशाल नागोरजे के मुताबिक आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सभी पीड़ित छात्राओं को उचित काउंसलिंग और सहायता दी जा रही है।
पालघर स्कूल में 7 साल के छात्र की मौत, 30 बच्चे अस्पताल में निगरानी में
महाराष्ट्र के पालघर के एक आवासीय स्कूल में 7 वर्षीय छात्र की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्कूल में व्यापक जांच अभियान शुरू किया है। अधिकारियों के मुताबिक, सर्दी, खांसी और बुखार के लक्षण वाले 30 छात्रों को जिले के अलग-अलग अस्पतालों में निगरानी में रखा गया है। मेडिकल टीमों ने छात्रों के खून, सीरम और गले के नमूने लिए हैं। स्कूल के पानी के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं। स्कूल में 395 छात्र रह रहे हैं। वहीं, लापरवाही के आरोप में स्कूल अधीक्षक को निलंबित किया गया है। छात्र की मौत की जांच के लिए SIT गठित की गई है। फिलहाल बाकी सभी छात्र खतरे से बाहर हैं।
महाराष्ट्र के बीड जिले में बाबलगांव के डिप्टी सरपंच वैजनाथ विट्ठल लाटे का शव बुधवार सुबह सड़क किनारे खून से लथपथ मिला। पास में उनकी बुरी तरह क्षतिग्रस्त बाइक भी पड़ी थी। शुरुआती जांच में पुलिस इसे सड़क हादसा मान रही है, लेकिन हत्या की आशंका से भी जांच की जा रही है। बताया गया कि लाटे मंगलवार रात भोपा-बाबलगांव मार्ग से बाइक से जा रहे थे। सुबह स्थानीय युवकों ने शव देखकर ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मिले निशानों, बाइक की स्थिति और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
ड्रेनेज चैंबर में फंसे दो मजदूरों की मौत
महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ में गुरुवार को ड्रेनेज चैंबर में फंसने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसा लोकमान्य अस्पताल के पास आधी रात के करीब हुआ। मृतकों की पहचान अमोल शिंदे (20) और मनोज शिंदे (26) के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों को रात में वहां काम करने के लिए किसने भेजा था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
नवी मुंबई में बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में पुलिस ने एक बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें कथित मास्टरमाइंड रानी रवि जोसेफ भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 1.5 लाख रुपये की ड्रग्स बरामद की। कार्रवाई 18 अगस्त को पनवेल रेलवे स्टेशन के पास पंचशील नगर झुग्गी में छापेमारी से शुरू हुई, जहां 51 हजार रुपये की 510 ग्राम गांजा बरामद हुई। इसके बाद एक आरोपी के घर से 1.05 लाख रुपये की 3.5 ग्राम मेफेड्रोन (MD) मिली। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े सात अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
नौकरी से बर्खास्तगी से नाराज डॉक्टर ने रेलवे स्टेशन पर उठाया खौफनाक कदम
मुंबई के सायन रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार सुबह 28 वर्षीय डॉक्टर ने नौकरी से बर्खास्त किए जाने से नाराज होकर करीब 100 फीट ऊंचे हाईटेंशन बिजली टावर पर फांसी लगाने की कोशिश की। घटना सुबह 7:45 से 8 बजे के बीच हुई, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर डॉक्टर को नीचे उतारा। हालत गंभीर होने पर उसे मौके पर सीपीआर दिया गया, जिससे उसकी सांस लौट आई। इसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुंबई में ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए मराठी सीखना जरूरी
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई में काम करने वाले ऑटो, टैक्सी और कैब चालकों के लिए कामकाजी मराठी सीखने की व्यवस्था की जा रही है। चालक संगठनों ने मराठी सीखने पर सहमति जताई है, लेकिन कम समय में भाषा सीखने में आने वाली दिक्कतों को देखते हुए एक साल की मोहलत मांगी थी। सरकार ने यह मांग स्वीकार कर ली है। फडणवीस ने कहा कि अगले एक साल तक मराठी सीखने को लेकर चालकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। संगठनों ने इसके लिए व्यापक प्रशिक्षण योजना भी तैयार की है।