महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निवास मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा पाठ पढ़ने पर अड़ीं अमरावती की सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा को बांद्रा कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जमानत पर सुनवाई अब 29 अप्रैल को होगी। इसके बाद देर रात नवनीत राणा को मुंबई की भायकुला जेल लाया गया। वहीं, पुलिस की टीम के साथ विधायक रवि राणा आर्थर रोड जेल पहुंची।
बता दें कि मातोश्री के बाहर हुनमान चालीसा का पाठ करने पर अड़ीं अमरावती से सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा को बीते शनिवार को मुंबई पुलिस ने खार इलाके से गिरफ्तार किया था। रिमांड की कार्यवाही के दौरान नवनीत राणा और रवि राणा की ओर से अधिवक्ता रिजवान मर्चेंट पेश हुए। पुलिस ने सांसद नवनीत राणा और रवि राणा को धारा 153 A के तहत यानी धर्म के आधार पर दो समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने के मामले में गिरफ्तार किया था।
मुंबई पुलिस ने शिवसेना के 13 कार्यकर्ताओं को किया गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि नवनीत और रवि राणा के आवास के बाहर हंगामा करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कल पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने के बाद खार पुलिस ने शिवसेना के 16 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
नवनीत राणा और उनके पति के खिलाफ एक और मामला दर्ज
एक अधिकारी ने रविवार को कहा कि मुंबई पुलिस ने निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके पति विधायक रवि राणा के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में धारा 353 के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है। जिसमें दोनों पति-पत्नी के ऊपर लोक सेवक को कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए आपराधिक बल प्रयोग करने का आरोप लगा है।
रवि राणा को तलोजा जेल में भेजा
आर्थर रोड जेल में भीड़भाड़ के कारण, बडनेरा विधायक रवि राणा को नवी मुंबई के तलोजा जेल में स्थानांतरित कर दिया गया। आर्थर रोड जेल के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
शिवसेना के कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज
मुंबई पुलिस के अधिकारी के अनुसार शहर की पुलिस ने शनिवार को मुंबई में राणा के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पर शिवसेना के कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की है।
सांसद नवनीत राणा और विधायक रवि राणा के खिलाफ इन धाराओं में मामला दर्ज
मुंबई पुलिस के मुताबिक, विधायक रवि राणा और सांसद नवनीत राणा के खिलाफ खार पुलिस स्टेशन में धारा 153 (ए), 34, आईपीसी आर/डब्ल्यू 37(1) 135 बॉम्बे पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। दोनों को खार स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया था।
वहीं, नवनीत और रवि राणा ने शनिवार को ही मुंबई पुलिस को लिखित शिकायत दी । इसमें कहा गया है कि सीएम उद्धव ठाकरे, शिवसेना नेता अनिल परब और संजय राउत सहित सभी 700 लोगों पर भी धारा 120 बी, 143, 147, 148, 149, 452, 307, 153ए, 294, 504, 506 के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए।
हनुमान चालीसा महाराष्ट्र में नहीं तो क्या पाकिस्तान में बोली जाएगी?: फडणवीस
भाजपा नेता व महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि किरीट सौमेया अपने ऊपर होने वाले हमले के बारे में भी पुलिस को बताया लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। हम केंद्र सरकार को इस पर कुछ एक्शन लेने के लिए कहेंगे। हनुमान चालीसा महाराष्ट्र में नहीं बोली जाएगी तो क्या पाकिस्तान में बोली जाएगी?
किरीट सौमैया पर पथराव मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
मुंबई पुलिस ने रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ खार पुलिस थाने के पास भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया की कार पर कथित रूप से पथराव करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की। लेकिन, सोमैया ने प्राथमिकी की एक प्रति लेने से इनकार कर दिया क्योंकि वह उन धाराओं से संतुष्ट नहीं थे जिनके तहत पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
सोमैया शनिवार को गिरफ्तार निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा से मिलने खार पुलिस स्टेशन गए थे, जिनके पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के आवास 'मातोश्री' के बाहर हनुमान चालीसा का जाप करने के आह्वान ने शिवसेना कार्यकर्ताओं को नाराज कर दिया था।
सोमैया के ड्राइवर पर मामला दर्ज
मुंबई पुलिस ने सोमैया के ड्राइवर के खिलाफ कथित तौर पर लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि इससे शिवसेना के एक पार्षद और पार्टी के एक कार्यकर्ता को मामूली चोटें आई हैं। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। खार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि स्थानीय शिवसेना पदाधिकारी भाई झेंडे ने शिकायत दर्ज कराने और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने के बाद शनिवार देर रात प्राथमिकी दर्ज की गई।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय गृह सचिव से मुलाकात करेगा
किरीट सोमैया पर हमले के सिलसिले में भाजपा नेता मिहिर कोटेचा, सुनील राणे और अन्य लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल कल 25 अप्रैल को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह सचिव से मुलाकात करेगा। इस दौरान किरीट सोमैया भी मौजूद रहेंगे। महाराष्ट्र भाजपा ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
मैंने हमले की जानकारी केंद्रीय गृह सचिव को दी: किरीट सोमैया
महाराष्ट्र से भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा कि मैंने केंद्र में गृह सचिव को हमले की जानकारी दी है, उन्होंने हमले की रिपोर्ट मांगी है। एक प्रतिनिधि प्रतिनिधिमंडल दिल्ली जाएगा और वहां के अधिकारियों से मुलाकात करेगा।उन्होंने कहा कि जिस तरह से हमारी आवाज दबाई जा रही है, उससे लगता है कि उद्धव ठाकरे मनसुख हिरेन (एंटीलिया केस) के साथ जो किया गया था, उसकी तर्ज पर कुछ करने की साजिश रच रहे हैं। मेरे खिलाफ दर्ज़ प्राथमिकी फर्जी है।
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा कि मुंबई पुलिस ने उद्धव ठाकरे और पुलिस कमिश्नर संजय पांडे के दबाव में मेरे नाम एक झूठी एफआईआर दर्ज कर दी है, मेरे हस्ताक्षर नहीं हैं। उस एफआईआर में इन्होंने लिखा है कि किरीट सोमैया ने ऐसा कहा कि मेरी गाड़ी पर सिर्फ एक पत्थर आया जबकि 70-80 शिवसैनिकों ने मुझ पर हमला किया।