फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: पूर्व IPS का आरोप- बिटकॉइन घोटाले की नकदी का चुनाव में इस्तेमाल कर रहे MVA नेता, BJP ने घेरा

Tue, 19 Nov 2024 10:58 PM IST
बशु जैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

 Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2024: पूर्व आईपीएस रवींद्रनाथ पाटिल ने आरोप लगाया कि महाविकास अघाड़ी में शामिल एनसीपी शरद की नेता सुप्रिया सुले और महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी में बिटकॉइन की हेराफेरी की। बिटकॉइन के बदले में मिली नकदी का वह विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल कर रहे हैं।
विज्ञापन
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले, पूर्व आईपीएस रवींद्रनाथ पाटिल और एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले। - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव को लेकर होने वाले मतदान से एक दिन पहले भाजपा और महाविकास अघाड़ी दोनों आरोपों के घेरे में हैं। एक ओर जहां भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े पर पैसे बांटने का आरोप लगा। वहीं अब एक पूर्व आईपीएस रवींद्रनाथ पाटिल ने महाविकास अघाड़ी के नेताओं को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाविकास अघाड़ी में शामिल एनसीपी शरद की नेता सुप्रिया सुले और महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी में बिटकॉइन की हेराफेरी की। बिटकॉइन के बदले में मिली नकदी का वह विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल कर रहे हैं। पाटिल ने कहा कि वह जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं। पूर्व आईपीएस के इन आरोपों के बाद भाजपा ने महाविकास अघाड़ी को घेरा है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने सुप्रिया सुले और नाना पटोले से सवाल पूछे। इस दौरान सुप्रिया सुले और नाना पटोले का वायरल ऑडियो सुनाया गया। 

विज्ञापन


पूर्व आईपीएस पाटिल ने आरोप लगाया कि बिटकॉइन घोटाले में पुणे के तत्कालीन पुलिस आयुक्त अमिताभ गुप्ता और साइबर अपराध की जांच को संभाल रही भाग्यश्री नवटके भी शामिल थीं। इनको दोनों नेताओं का संरक्षण मिला था। पाटिल ने कहा कि मेरी कंपनी ने मुझे 2018 में एक मामले की जांच करने के लिए एक क्रिप्टोकरेंसी विशेषज्ञ के रूप में बुलाया था। मुझे 2022 में धोखाधड़ी के आरोपों के तहत गिरफ्तार किया था। मैंने मुकदमे के बाद 14 महीने जेल में बिताए। जब मैं जेल में था तो सोच रहा था कि क्या हुआ था, मामला क्या था और मुझे क्यों फंसाया गया? मेरे साथ अन्य सहकर्मी भी थे। हम सच्चाई का पता लगाने पर काम कर रहे थे। 

Trending Videos

कमिश्नर अमिताभ गुप्ता ने बदले थे वॉलेट
उन्होंने कहा कि हमारे खिलाफ एक गवाह गौरव मेहता, जो सारथी एसोसिएट्स नामक एक ऑडिट फर्म का कर्मचारी है। दो दिन पहले उसने मुझे 4-5 घंटे तक कई बार फोन किया, लेकिन मैंने कोई जवाब नहीं दिया। जब मैनें उसका फोन उठाया तो उसने मुझे बताया कि 2018 में   क्रिप्टोकरेंसी घोटाले में जब अमित भारद्वाज को गिरफ्तार किया गया था, उसके पास एक क्रिप्टोकरेंसी हार्डवेयर वॉलेट था। उस वॉलेट को तत्कालीन कमिश्नर अमिताभ गुप्ता ने बदल दिया था और दूसरा वॉलेट रख लिया था। मामले में हमें गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन असली अपराधी अमिताभ गुप्ता और उनकी टीम थी। 

पूर्व आईपीएस ने कहा कि गवाह गौरव मेहता ने दो आईपीएस अधिकारियों अमिताभ गुप्ता और भाग्यश्री नवटके का नाम लिया था। उसने बारामती से एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले और महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले का भी नाम लिया था। दोनों क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी से जुड़ी बिटकॉइन मनी का विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल कर रहे हैं। इसका इस्तेमाल लोकसभा चुनावों के दौरान भी महाराष्ट्र में फंडिंग के लिए किया गया था। 

बिटकॉइन को नकदी में बदलकर लाता था गौरव मेहता
पाटिल ने आरोप लगाया कि पुलिस आयुक्त अमिताभ गुप्ता के निर्देश पर गौरव मेहता कई बार दुबई गए और बिटकॉइन को नकदी में बदल दिया। इसी नकदी का इस्तेमाल महाराष्ट्र चुनाव में हो रहा है। गौरव मेहता ने मुझे कुछ वॉयस नोट भेजे जो उन्हें व्हाट्सएप पर मिले थे। इसमें सुप्रिया सुले के तीन ऑडियो मेसेज थे, जिसमें वे बिटकॉइन के बदले नकदी मांग रही थीं। वे गौरव मेहता से यह भी कह रही हैं कि उन्हें जांच की चिंता करने की जरूरत नहीं है। वे सत्ता में आने पर इसे संभाल लेंगे। इसके साथ ही गौरव ने अमिताभ गुप्ता और नाना पटोले के बीच बातचीत का एक और वॉयस नोट भेजा। इसमें पटोले पूछ रहे हैं कि नकदी में देरी क्यों हो रही है। 

पाटिल ने कहा कि मुझे एक और रिकॉर्डिंग भेजी गई है, इसमें अमिताभ गुप्ता 50 करोड़ रुपये मांग रहे थे। एक दूसरे वॉयस नोट में अमिताभ गुप्ता कह रहे हैं कि उन्होंने पाटिल और घोडे (मेरे सहयोगी) के नाम से चार क्रिप्टो वॉलेट बनाए थे और इन वॉलेट से लेन-देन किए गए थे। अगर जांच हुई तो पाटिल और घोडे पकड़े जाएंगे। गौरव मेहता ने आरोप लगाया कि वह इससे बाहर आना चाहते थे लेकिन उनकी जान को खतरा है। मेरे पास सभी स्क्रीनशॉट और ऑडियो हैं। मैं उन्हें जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराने के लिए तैयार हूं।  

उन्होंने कहा कि गौरव मेहता पहले ही 150 करोड़ रुपये के बिटकॉइन बेच चुका है और उसके पास कई 100 करोड़ और हैं। इस नकदी का इस्तेमाल लोकसभा चुनावों में किया गया था और अब विधानसभा चुनावों में भी इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। रवींद्रनाथ पाटिल को 2018 में करोड़ों के क्रिप्टो धोखाधड़ी मामले में पुणे पुलिस ने गिरफ्तार किया था। रवींद्र नाथ पाटिल 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और 2010 में वह कॉरपोरेट सेक्टर में साइबर एक्सपर्ट के तौर पर काम रहे थे। 2018 में उनको बिटकॉइन धोखाधड़ी मामले में फॉरेंसिक ऑडिट के लिए नियुक्त किया गया था। 
विज्ञापन

भाजपा ने कहा- क्या एमवीए ने बिटकॉइन से पैसा लिया
पूर्व आईपीएस के आरोपों के बाद भाजपा ने महाविकास अघाड़ी को घेरा। भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आरोपी डीलर एक पूर्व पुलिस अधिकारी से संपर्क करता है जो कुछ आरोपों के कारण पहले जेल जा चुका है और उसे बताता है कि वह बिटकॉइन के कुछ लेन-देन नकद में करना चाहता है। पुलिस अधिकारी उसके अनुरोध को अस्वीकार कर देता है। लेकिन डीलर उसे समझाने की कोशिश करता है कि इस मामले में कुछ बड़े लोग शामिल हैं और वह कथित तौर पर नाना पटोले और सुप्रिया सुले का नाम लेता है। जब पुलिस अधिकारी इस पर कोई भरोसा नहीं दिखाता है, तो डीलर उसे ऑडियो क्लिप भेजता है। डीलर के दावों के अनुसार उन ऑडियो क्लिप में चुनाव के लिए पैसे की जरूरत का जिक्र है। अब हम कांग्रेस से पांच सवाल पूछना चाहते हैं। पहला क्या आप बिटकॉइन लेनदेन में शामिल हैं? दूसरा क्या आप गौरव गुप्ता या मेहता नाम के इस व्यक्ति के संपर्क में हैं? तीसरा, चैट आपके नेताओं की हैं या नहीं? चौथा ऑडियो क्लिप में ऑडियो आपका है या नहीं? पांचवां 'बड़े लोग' कौन हैं? 



सुप्रिया सुले ने की शिकायत
पूर्व आईपीएस की ओर आरोप लगाए जाने के बाद एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने शिकायत दर्ज कराई है। सुप्रिया सुले ने पूर्व आईपीएस रवींद्रनाथ पाटिल और गौरव मेहता के खिलाफ चुनाव आयोग और साइबर क्राइम आयोग से शिकायत की है। सुप्रिया सुले ने कहा कि मतदान के दिन से एक रात पहले मतदाताओं को गुमराह करने के लिए गलत जानकारी फैलाने के जाने-पहचाने हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें