महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस
- फोटो : एएनआई
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने बृहस्पतिवार को उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवारों ने हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनावों में मुंबई में अल्पसंख्यों के वोटों से जीत हासिल की है। यूबीटी के वोटरों में गैर मराठी और गैर हिंदी भाषी भी शामल थे।
फड़णवीस ने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) ने वोट हासिल करने के लिए हिंदू हृदयसम्राट के बजाय बाल ठाकरे के लिए 'जनाब' का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था। वरिष्ठ भाजपा नेता ने दावा किया कि अल्पसंख्यकों का समर्थन पाने के लिए उद्धव ठाकरे ने पिछले छह महीने के दौरान अपने भाषण की शुरुआत 'मेरे हिंदू भाइयों और बहनों' से नहीं की।
फड़णवीस ने स्वीकारा, झूठी कहानी गढ़ जीता विपक्ष
फड़णवीस ने स्वीकार किया कि लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान विपक्ष ने 'भाजपा संविधान बदलना चाहती है और आरक्षण समाप्त करना चाहती है' की झूठी कहानी गढ़ी, जिससे सत्तारूढ़ दल को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने एमएलसी चुनाव जीतने पर दिया जोर
पूर्व मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि मुंबई स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (एमएलसी) के चुनावों की घोषणा हो चुकी है। हमने कुछ साल पहले इसे अपने पूर्व राजनीतिक सहयोगी (शिवसेना) को दे दिया था। अब, इसे वापस जीतने का समय आ गया है। हमारी उम्मीदवार किरण शेलार जीत हासिल कर यह साबित करेंगी कि भाजपा के खिलाफ फर्जी कहानी अब से काम नहीं करेगी।
महाराष्ट्र में इस बार बीजेपी को मिलीं केवल नौ सीटें
बता दें कि हाल ही में संपन्न आम चुनाव में भाजपा ने महाराष्ट्र में 48 में से 28 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन नौ पर ही जीत हासिल कर सकी। जबकि, 2019 के चुनाव में भाजपा ने 23 सीटें जीती थीं। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) ने मुंबई महानगर की छह में से तीन सीटें जीतीं, जबकि भाजपा, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और कांग्रेस एक-एक निर्वाचन क्षेत्र में विजयी रहीं।