कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : PTI
महाराष्ट्र में कोरोना महामारी का तांडव जारी है। राज्य में अब तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 13 लाख के पार पहुंच गई है। शुक्रवार को एक दिन में 17,794 नए संक्रमित सामने आए और बीते 24 घंटे में 416 मरीजों की मौत हो गई। जबकि सूबे में 2,72,572 कोरोना के सक्रिय मरीज हैं।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक कुल 13,00757 लोग संक्रमित हुए हैं जिसमें से 9,12,806 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। शुक्रवार को एक दिन में 19,512 मरीज स्वस्थ हुए जबकि अब तक कोरोना महामारी से कुल 34,761 मरीजों की जान जा चुकी है। राज्य में रिकवरी दर 76.33 फीसदी और मृत्युदर 2,67 फीसदी है। फिलहाल, 19,29,572 लोग होम क्वारंटीन और 32,747 संस्थागत क्वारंटीन हैं।
मुंबई में 1876 नस संक्रमित, 48 की मौत
मुंबई में शुक्रवार को 1876 कोरोना के नए मामले सामने आए और बीते 24 घंटे में 48 लोगों की मौत हो गई। महानगर में अब तक कुल 1,94,303 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं जिसमें 8,706 मरीजों की मौत हो चुकी है। बीएमसी के अनुसार मुंबई में रिकवरी दर 81 फीसदी है और दोगुना मरीज बढ़ने की दर यानी डबलिंग रेट 63 दिन है।