Maharashtra: शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने कहा कि अगले हफ्ते महाराष्ट्र में मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। उन्होंने कहा कि 2022 में एकनाथ शिंधे के नेतृत्व वाली सरकार के गठन के दौरान उनके विधायकों ने योगदान दिया। इसके लिए उन्हें मंत्री पद मिलना चाहिए।
शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने शुक्रवार को कहा कि अगले हफ्ते महाराष्ट्र के मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। उन्होंने कहा कि 2022 में एकनाथ शिंधे के नेतृत्व वाली सरकार के गठन के दौरान उनके विधायकों द्वारा दिए गए योगदान के लिए उन्हें मंत्री पद मिलना चाहिए।
विज्ञापन
शिरसाट ने बताया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री अजित पवार व देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को बैठक की। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान मंत्रिमंडल के विस्तार पर चर्चा हुई होगी।
छत्रपति संभाजीनगर से शिवसेना विधायक ने कहा, मंत्रिमंडल का विस्तार होना चाहिए और यह अगले हफ्ते हो सकता है। शिरसाट खुद भी मंत्री बनना चाहते हैं और वह पहले भी सार्वजनिक तौर पर यह इच्छा जाहिर कर चुके हैं। हालांकि, सरकार में शामिल होने वालों को काम करने के लिए कुछ ही दिन मिल सकते हैं, क्योंकि विधानसभा चुनावों के लिए आदर्श आचार संहिता अगले दो महीनों में लागू होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि मंत्री बनने के बाद लोग कितने काम कर पाएंगे, यह सवाल है। लेकिन इसका उनके विधानसभा क्षेत्रों में प्रभाव पड़ेगा। इससे सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन को फायदा होगा। इसलिए विस्तार होना चाहिए। यह मेरी राय है।
शिरसाट ने कहा कि जुलाई 2023 में अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के शिंदे सरकार में शामिल होने के बाद शिवसेना की संभावनाओं पर असर पड़ा। पवार आठ विधायकों के साथ शामिल हुए, जिनमें से सभी को मंत्री बनाया गया। शिंदे के नेतृत्व में विधायकों की बगावत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, शिवसेना की संख्या अधिक होनी चाहिए, क्योंकि उनके योगदान के कारण ही सरकार बनी।