कहा जाता है कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती, इसे चरितार्थ किया है महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के कुंचिकोरवे माशन्ना रामप्पा ने। उन्होंने 50 साल की उम्र में दसवीं की परीक्षा पास की है। मिली जानकारी के मुताबिक, वे बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। 10वीं के बाद वे अब 12वीं में दाखिला लेना चाहते हैं।
बीएमसी के अधिकारी बोले- पढ़ाई करो
उन्होंने बताया कि ये उनका पहला प्रयास था। कुंचिकोरवे माशन्ना रामप्पा ने बताया कि ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं होने की वजह से उनकी सैलरी कम थी। इसी के कारण उन्हें ग्रेड्स भी नहीं मिल पा रहे थे। कई बार उन्होंने बीएमसी के अधिकारियों से उन्होंने इस बाबत गुहार लगाई। इस पर अधिकारियों ने कहा कि पढ़ाई करो, पढ़ाई-लिखाई करने पर सब मिल जाएगा। अधिकारियों की इन बातों से उनके अंदर एक अलग ही जज्बा जग गया। कुंचिकोरवे माशन्ना रामप्पा ने बताया कि इसके बाद उन्होंने दसवीं में दाखिला लिया।
दिन में काम और नाइट स्कूल में की पढ़ाई
कुंचिकोरवे माशन्ना रामप्पा ने बताया कि इस दौरान उन्होंने अपनी नौकरी भी जारी रखी। उन्होंने बताया कि मैं दिन में काम करता था और रात में तीन घंटे नाइट स्कूल में जाकर पढ़ाई करता था। कुंचिकोरवे माशन्ना रामप्पा की पढ़ाई में उनके बच्चों ने भी मदद की। इतना ही नहीं, रामप्पा ने बताया कि काम के दौरान उनके जो पढ़े-लिखे मजदूर साथी थे उन्होंने भी मेरी काफी मदद की। उन्होंने कहा कि अब वे 12वीं में दाखिला लेना चाहते हैं।
शुक्रवार को जारी हुआ परिणाम
गौरतलब है कि शुक्रवार यानी 17 जून को महाराष्ट्र के राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा दसवीं के परिणाम की घोषणा की है। परीक्षा परिणाम को ऑनलाइन माध्यम से 17 जून, 2022 को जारी किया गया है। इस साल, महाराष्ट्र बोर्ड ने कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए 15 मार्च से 4 अप्रैल, 2022 तक राज्य बोर्ड परीक्षा आयोजित की। परीक्षा में लगभग 14 लाख छात्रों ने भाग लिया था।
महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी किए गए परिणाम के अनुसार कुल 96.94 फीसदी छात्रों ने इस साल दसवीं कक्षा की परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। जबकि बीते साल कुल 99.95 फीसदी छात्र पास हुए थे। हालांकि, कोरोना के कारण परीक्षाओं का आयोजन नहीं किया गया था।