भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महाराष्ट्र अध्यक्ष रावसाहेब पाटिल दानवे ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने चंद्रकांत दादा पाटिल को महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने संगठनात्मक नियुक्ति के बाबत एक पत्र जारी कर इसकी घोषणा की है।
इसके अलावा अमित शाह ने मंगल प्रभात लोढ़ा को मुंबई महानगर भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
बीते लोकसभा चुनावों में भाजपा की जीत के बाद रावसाहेब पाटिल दानवे को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। उस समय से उनके प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने को लेकर चर्चा चल रही थी।
महाराष्ट्र में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं और चुनावों से पहले पार्टी राज्य में बड़े स्तर पर संगठन में बदलाव की संभावना है।
इस बार विधानसभा चुनावों में भाजपा ने शिवसेना के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।