महाराष्ट्र के बीड में सरपंच संतोष देशमुख हत्या मामले में राजनीतिक गर्माहट बरकरार है। इसी बीच भाजपा विधायक सुरेश धस ने शनिवार को देशमुख हत्याकांड के मुख्य आरोपी वाल्मिक कराड की संपत्ति जब्त करने की मांग की। बता दें कि वाल्मिक कराड एनसीपी मंत्री धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी है, जिन्हें हत्या मामले में बीड की एक अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा है।
भाजपा विधायक धास की मांग
मामले में भाजपा. विधायक सुरेश धस ने कहा कि बीड के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) को आरोपी वाल्मिक कराड की संपत्ति जब्त करनी चाहिए। धास का मानना है कि ऐसा करने से यह सुनिश्चित होगा कि कराड अपनी संपत्ति को अपने सहयोगियों के नाम पर ट्रांसफर न कर सके।
हत्यारे को मिलनी चाहिए फांसी-धास
साथ ही मामले में धास ने कहा कि महाराष्ट्र के लोग तब तक शांति से नहीं बैठेंगे जब तक हत्यारे को फांसी पर नहीं लटका दिया जाता। उन्होंने यह भी कहा कि बीड के महादेव मुंडे की 15 महीने पहले हत्या कर दी गई थी, लेकिन उनके हत्यारे अभी तक पकड़े नहीं गए हैं।
धास का आरोप
मामले में धास ने आरोप लगाया कि बीड में पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही है। उन्हें एसआईटी को कराड की संपत्ति जब्त करनी चाहिए ताकि वह इसे अपने सहयोगियों के नाम पर ट्रांसफर न कर सके।
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि मध्य महाराष्ट्र के बीड जिले के मासजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख का 9 दिसंबर को अपहरण कर लिया गया, उन्हें प्रताड़ित किया गया और उनकी हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि देशमुख ने एक ऊर्जा कंपनी को निशाना बनाकर जबरन वसूली के प्रयास का विरोध करने की कोशिश की थी।