महाराष्ट्र के नासिक जिले में गुरुवार को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की एक बस ने सात वाहनों को टक्कर मार दी। जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना नासिक-पुणे राजमार्ग पर पलसे गांव के पास सुबह करीब 11.45 बजे हुई।
समाचार एजेंसी पीटआई के मुताबिक, पुणे में राजगुरुनगर से नासिक जा रही एमएसआरटीसी की एक बस का ब्रेक फेल हो गया। उसने सिन्नर से आ रही एमएसआरटीसी की एक अन्य बस से टकराने से पहले चार मोटरसाइकिलों और दो एसयूवी को टक्कर मार दी। दो मोटरसाइकिल सवार दो बसों के बीच फंस गए और उनकी बाइक में आग लगने से उनकी मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। राजगुरुनगर से आ रही बस में भी आग लग गई। स्थानीय लोगों ने जलती बस की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और 43 यात्रियों को बचा लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नासिक रोड दमकल केंद्र से दमकल की दो गाड़ियां और शिंगदा तलाव दमकल केंद्र से एक बचाव वैन घटना स्थल पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने वाली बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं हैं। नासिक नगर निगम के बाइटको अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। इससे पहले आठ अक्तूबर को नासिक जिले में नासिक-औरंगाबाद राजमार्ग पर एक ट्रक से टक्कर के बाद एक निजी बस में आग लगने से 13 लोगों की मौत हो गई थी और 35 घायल हो गए थे।