महाकुंभ के लिए रेलवे की विशेष पहल
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 13 जनवरी यानी दो दिन बाद महाकुंभ का आगाज होने जा रहा है। 45 दिन चलने वाले इस भव्य महाकुंभ में कई बड़े शाही स्नान भी होंगे। कुंभ में देश-विदेश से 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए भारतीय रेलवे ने महाकुंभ को और खास बनाने के लिए कुछ स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है। रेलवे ने इस दौरान करीब 10 हजार से ज्यादा ट्रेनों को चलाने की योजना तैयार की है। ऐसे में अगर आप भी ट्रेन के जरिए महाकुंभ जाने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए बड़ा अपडेट है। महाकुंभ में गंगा स्नान और वहां से जुड़े अनुष्ठान करने के बाद जब आप वापस लौटेंगे तो आपको आपके गंतव्य स्थान की ओर जाने वाली स्पेशल ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे द्वारा चिन्हित स्टेशन पर ही पहुंचना होगा।
इन स्टेशनों से इस दिशा के रेलवे स्टेशन के मिलेगी ट्रेन
- यात्रियों को प्रयागराज जंक्शन, नैनी और प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन से विन्ध्याचल, मिर्जापुर, चुनार, चोपान, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, पटना, गया, रांची, जसीडीह, आसनसोल, हावड़ा, पुरी की ओर जाने वाली ट्रेनें मिलेगी।
- प्रयागराज जंक्शन, नैनी, प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन से ही शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर, चित्रकूट, महोबा, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, बीना, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, इटारसी, भोपाल, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, नागपुर, कल्याण, मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनें मिलेगी।
- प्रयागराज जंक्शन और सूबेदारगंज रेलवे स्टेशनों से सिराथू, फतेहपुर, कानपुर, पनकी धाम, इटावा, टूंडला, आगरा, अलीगढ़, मेरठ, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू की ओर जाने वाली ट्रेनें मिलेगी।
- प्रयाग, फाफामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशनों से ऊंचाहार, रायबरेली, लखनऊ, हरदोई, बरेली, सहारनपुर, हरिद्वार, ऋषिकेश, जंघई, भदोही, जौनपुर, प्रतापगढ़, अयोध्या, गोंडा, बहराइच की ओर जाने वाली ट्रेन मिलेगी।
- प्रयागराज रामबाग, झूंसी के रेलवे स्टेशनों से ज्ञानपुर रोड, वाराणसी, मऊ, भटनी, गोरखपुर, बलिया, छपरा की ओर जाने वाली ट्रेनें मिलेगी।
उत्तर मध्य रेलवे की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशनों पर दिशा के अनुसार कलर कोडेड (लाल, नीला, पीला और हरा) यात्री आश्रयों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि मुख्य स्नान पर्व से एक दिन पूर्व और दो दिन बाद तक प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज, नैनी और प्रयागराज छिवकी स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट संबंधित प्रतिबंधों का पालन करें।