महिला मोर्चा प्रदेश में 10 दिन का विशेष बूथ संकल्प अभियान शुरू करने जा रही है। इसमें महिला मोर्चा की पदाधिकारी एक लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली सभी विधानसभा सीटों पर बैठक करेगी। इसके अलावा चैत्र नवरात्र, गणगौर, रामनवमी और अक्षय तृतीया जैसे त्योहार मंडल और बूथ पर ही मनाएंगी। भाजपा ने महिलाओं कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे जनता के बीच सरकार की महिलाओं पर आधारित योजनाओं का प्रचार करें।
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने कहना है कि हमने महिलाओं को हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने का टारगेट दिया है। भाजपा महिला मोर्चा इस विशेष कार्यक्रम के तहत हर बूथ को मजबूत करेगा। हमारी पार्टी का मंत्र है बूथ जीता चुनाव जीता, अपना बूथ सबसे मजबूत। इन्हीं मंत्रों को ध्यान में रखते हुए हम चौपाल बैठकों के माध्यम से हर बूथ पर पांच बैठक करेंगे। इस बैठक में हर वर्ग की महिलाओं को प्रतिनिधित्व होगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में प्रभाव रखने वाली प्रबुद्ध महिलाओं के साथ बुद्धिजीवी वर्ग और वरिष्ठ समाजसेवी महिलाओं के साथ हम चर्चा करेंगे।
भाजपा महिला मोर्चा के इस अभियान पर कांग्रेस पार्टी ने हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के मीडिया सलाहकार केके मिश्रा ने कहना है कि, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की बहने वहां चुप हो जाती हैं जहां महिलाओं को जरूरत होती है। जब भाजपा महिला मोर्चा की बहनों को वोट चाहिए तो यह एक्टिव हो जाती हैं। जब मणिपुर में महिलाओं के साथ अत्याचार हुआ तब ये बहनें खामोश थीं। कांग्रेस भी महिलाओं के बीच जाएगी अपनी बात रखेगी। आज सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण बहनों की अस्मिता की सुरक्षा करना है, उनके अधिकार देना है।