अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय मंत्री
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
कल लोकसभा परिसीमन विधेयक पेश करेंगे अर्जुन राम मेघवाल
केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल संसद के विशेष सत्र के पहले दिन 30 नवंबर को लोकसभा में परिसीमन (डिलिमिटेशन) विधेयक, 2026 पेश करेंगे। यह जानकारी सांसदों को भेजी गई लोकसभा की कार्यसूची (लिस्ट ऑफ बिजनेस) में दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और उससे जुड़े परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी गई थी। अर्जुन राम मेघवाल सोमवार को सदन में एक प्रस्ताव पेश करेंगे, जिसमें लोकसभा के नियम 66 के एक प्रावधान को निलंबित करने की मांग की जाएगी। इससे उस स्थिति में भी संबंधित विधेयक पर विचार और उसे पारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी, जब उसका आधार बनने वाला संविधान संशोधन विधेयक अभी लंबित हो। लोकसभा का नियम 66 ऐसे प्रावधानों से जुड़ा है, जिनके तहत किसी दूसरे विधेयक पर निर्भर विधेयक को उस समय पेश किया जा सकता है जब मूल विधेयक सदन में विचाराधीन हो और उसके पारित होने की संभावना हो।
30 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी लोकसभा में केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 पेश करेंगे। यह विधेयक उन केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों को संविधान (132वां संशोधन) विधेयक के अनुरूप बनाने के लिए लाया जा रहा है, जहां निर्वाचित विधानसभा है। इनमें दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी शामिल हैं। यह विधेयक संविधान के अनुच्छेद 334ए में संशोधन का प्रस्ताव करता है, जो विधानमंडलों में महिलाओं के आरक्षण से संबंधित है। प्रस्तावित संशोधन के तहत लोकसभा में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आवंटित सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की जा सकेगी। राज्यों की विधानसभाओं की सीटों में भी 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान है। लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। राज्य विधानसभाओं में कुल 650 अतिरिक्त सीटें जोड़ी जा सकती हैं।
सोमवार को पेश किए जाने वाले दोनों विधेयक उन पुराने विधेयकों को औपचारिक रूप से वापस लेने के बाद सदन में लाए जाएंगे, जिन्हें पहले लोकसभा से मंजूरी नहीं मिल पाई थी। नए परिसीमन विधेयक के साथ दिए गए उद्देश्य और कारणों के विवरण में कहा गया है कि सीटों में समान वृद्धि का मकसद जनप्रतिनिधित्व बढ़ाना है, जबकि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखा जाएगा। सरकार का कहना है कि प्रस्तावित कानून लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को भी आसान बनाएगा। परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 में कानून लागू होने के बाद एक परिसीमन आयोग गठित करने का प्रस्ताव है। यह आयोग देशभर में संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण करेगा और सीटों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी करेगा।
प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
महिला आरक्षण और परिसीमन एक मजबूत लोकतंत्र की दिशा में ऐतिहासिक कदम- प्रह्लाद जोशी
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रस्तावित 33 प्रतिशत महिला आरक्षण और परिसीमन के जरिए लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों का विस्तार लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं। उन्होंने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया से किसी भी क्षेत्र के साथ अन्याय किए बिना, सभी राज्यों में राजनीतिक प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार 'नारी शक्ति' को प्राथमिकता देकर और देश की लोकतांत्रिक व प्रशासनिक प्रणालियों में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करके एक विकसित भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
केंद्रीय मंत्री जोशी ने आगे कहा कि महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना केवल सशक्तिकरण का मामला नहीं है, बल्कि यह महिला नेतृत्व को मजबूत करने और महत्वपूर्ण निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। परिसीमन संशोधन विधेयक को मंजूरी मिलने को एक और ऐतिहासिक फैसला बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या को बढ़ाकर 816 करने की दिशा में एक साहसिक कदम उठाया है। प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया पर मीडिया से बात करते हुए जोशी ने कहा कि पहले अपनाए गए फॉर्मूले के आधार पर कर्नाटक और उत्तर प्रदेश सहित सभी राज्यों में लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या में 50 प्रतिशत तक की वृद्धि हो सकती है।
ये भी पढ़ें:
विकसित भारत: 2047 के विजन पर सांसद शशि थरूर ने रखी राय, बताया आर्थिक तरक्की के साथ क्या है जरूरी
अनुमानित गणनाओं के अनुसार, कर्नाटक का प्रतिनिधित्व मौजूदा 28 सीटों से बढ़कर 40 हो सकता है, जबकि उत्तर प्रदेश की सीटों की संख्या 80 से बढ़कर 120 हो सकती है। इस प्रस्तावित विस्तार के खिलाफ कांग्रेस के विरोध पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय मंत्री ने पूछा कि कांग्रेस नेताओं को इससे क्या दिक्कत है? क्या कर्नाटक की मौजूदा सभी 28 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कब्जा है? जोशी ने कहा कि यह विस्तार उसी फॉर्मूले के आधार पर किया जा रहा है, जिसका इस्तेमाल पहले निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या तय करने के लिए किया गया था। उन्होंने आगे कहा कि अगर पिछली सरकारों के कार्यकाल में किया गया सीटों का आवंटन सही माना गया था, तो मौजूदा परिसीमन प्रक्रिया को भी स्वीकार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जो कुछ भी किया गया, उसे सही माना जाता है। लेकिन जब हम कुछ करने की कोशिश करते हैं, तो क्या उसे गलत माना जाता है? विपक्ष का यह रवैया अनुचित है। परिसीमन की प्रक्रिया में किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा कि संसद के विस्तार से राष्ट्रीय स्तर पर निर्णय लेने की प्रक्रिया में अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों की आवाजों, प्राथमिकताओं और आकांक्षाओं को बेहतर प्रतिनिधित्व मिलेगा, जिससे संसदीय प्रणाली और लोकतंत्र अधिक मजबूत होंगे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जोशी ने कहा कि भारत का संसदीय ढांचा एक बड़े विस्तार के लिए तैयार है, जो एक आगे बढ़ते राष्ट्र की आकांक्षाओं को दर्शाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 'परिसीमन संशोधन विधेयक' को मंजूरी मिलने से लोकसभा की सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 करने का रास्ता साफ हो गया है। इससे राष्ट्रीय स्तर पर निर्णय लेने की प्रक्रिया में विभिन्न क्षेत्रीय आवाजों और प्राथमिकताओं को अधिक जगह मिलेगी, जिससे भारत का संसदीय लोकतंत्र और मजबूत होगा।