लोकसभा चुनाव 2024 के पांच चरणों का चुनाव संपन्न हो चुका है। आज छठे चरण की वोटिंग हो रही है। आठ प्रदेशों में मतदान कराए जा रहे हैं। सुबह सात बजे से वोट डालने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस चरण में कुल 11.13 करोड़ से अधिक मतदाता 889 उम्मीदवारों का फैसला करेंगे। चुनाव में जीत के लिए भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार भगवान के द्वार पर पहुंच रहे हैं। वह बढ़-चढ़कर पूजा-पाठ कर रहे हैं।
विपक्ष ने पहले ही हार मान: सत्ता पक्ष
लोकसभा चुनाव 2024 के छठे दौर के लिए मतदान 25 मई को हो रहा है। इस चरण में आठ प्रदेशों की 58 सीटों पर 889 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं। छठे दौर में सबसे ज्यादा 14 सीटें उत्तर प्रदेश की जबकि सबसे कम जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर वोटिंग है। पिछले चुनाव में इन 58 सीटों पर कुल 64.22% फीसदी वोट पड़े थे। सबसे ज्यादा 84.59 फीसदी मतदान पश्चिम बंगाल में हुआ था। वहीं, सबसे कम 8.98 फीसदी मतदान जम्मू-कश्मीर में दर्ज किया गया था। अब तक के चुनावों में मत प्रतिशत चर्चा का बड़ा विषय रहा है। शुरुआत में विपक्ष ने चुनाव आयोग पर देरी से वोटिंग के आंकड़े देने का आरोप लगाया जिसका आयोग ने खंडन किया। वहीं सत्ता पक्ष ने कहा कि विपक्ष ने पहले ही हार मान ली।