दूसरे चरण के मतदान के लिए मंगलवार को नामांकन का आखिरी दिन है। बिहार में दूसरे चरण में पांच सीटों पर चुनाव होना है। भागलपुर, बांका, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार में 18 अप्रैल को मतदान होना है। ये पांचों सीटें इस बार एनडीए के लिए साख का सवाल होंगी। 2014 लोकसभा चुनाव में जब पूरे देश में मोदी लहर थी, तो भी बिहार की इन पांचों सीटों पर भाजपा जीत का स्वाद नहीं चख पाई थी। भागलपुर और बांका में तो भाजपा को करीब 10 हजार मतों के मामूली अंतर से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। इस बार एनडीए सभी सीटों पर जीत हासिल करना चाहेगी।
पिछली बार जदयू, एनडीए में शामिल नहीं थी और भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। पूर्णिया में भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ ही जदयू को जीत हासिल हुई थी। भागलपुर और बांका सीट पर राजद की जीत हुई थी। वहीं, किशनगंज में कांग्रेस और कटिहार में एनसीपी ने बाजी मारी थी। इस बार जदयू फिर से एनडीए में शामिल है, जबकि एनसीपी नेता रहे कटिहार के मौजूदा सांसद तारिक अनवर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।