लोकसभा चुनाव 2019 के लिए मतदान का दिन नजदीक है। चुनाव आयोग के अलावा राजनीतिक पार्टियां भी मतदाता जागरूकता अभियान चला रही है। इस अभियान में असम के दुकानदार भी शामिल हो गए हैं। असम के हैलाकांडी जिले के निर्वाचन अधिकारी कीर्ति जल्ली की अपील के बाद दुकानदारों ने तय किया है कि वे सामान खरीदने पर मतदाताओं को छूट देंगे। हैलीकांडी सिल्चर लोकसभा क्षेत्र में आता है।
ज्वैलरी की दुकान में गहनों बनवाने पर 15 फीसदी, खाना और होटलों पर 10 से 15 फीसदी, दवा खरीदने पर चार फीसदी तक की छूट दी जा रही है। ये छूट 18 और 19 अप्रैल को मिलेगी। इस छूट का फायदा उठाने के लिए मतदाताओं को केवल स्याही लगी उंगली दिखानी होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी कीर्ति जल्ली ने इस पेशकश की सराहना की और कहा कि मतदाताओं को मतदान के प्रति आकर्षित करने के लिए जिला प्रशासन ने स्थानीय व्यापारिक संगठनों के साथ मिलकर यह पहल शुरू की है।
यह पहल खासकर, शहरी मतदाताओं को ध्यान में रखकर शुरू की गई है जो मतदान में थोड़ी कम रुचि दिखाते हैं। बता दें कि असम की 14 लोकसभा सीटों के लिए तीन चरणों में 11, 18 और 23 अप्रैल को मतदान होना है।