राजधानी की सातों लोकसभा सीटें फिर से फतह करने के लिए प्रदेश भाजपा ने विजयी संकल्प सभाओं के साथ ही चुनाव प्रचार का शंखनाद कर दिया है। मंगलवार को गोकुलपुरी में आयोजित सभा में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि चौकीदार चोर नहीं प्योर है और उनका दोबारा प्रधानमंत्री बनना श्योर है। उत्तर-पूर्वी, चांदनी चौक, नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली व पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में भी विजय संकल्प सभाओं का आयोजन किया गया।
उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भाजपा के अभियान पर फक्र करते हुए कांग्रेस पर सैनिकों को कार्रवाई न करने देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस वाले पूछ रहे हैं, बताइए मोदी जी आपकी सेना के जवान पाकिस्तान गए, वहां कितने लोगों को मारा। उन्होंने कहा कि एक वीर कभी लाशें नहीं गिनता।
प्रधानमंत्री को चोर कहने पर विपक्ष को निशाने पर लेते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति आदमी नहीं संस्थाएं हैं। कांग्रेस के अध्यक्ष चौकीदार को चोर कह रहे हैं, क्योंकि देश का प्रधानमंत्री खुद को चौकीदार कहता है। कांग्रेस ने जिन लोगों को बैंक लोन दिया, वह लोन का पैसा लेकर विदेश भाग गए। चौकीदार उन लोगों को विदेश से वापस लाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में जब होटल ताज पर आतंकी हमला हुआ, तो उन्होंने कुछ नहीं किया। कुछ दिन पहले पुलवामा में फिदायीन हमला हुआ और 40 से ज्यादा जवान शहीद हुए, लेकिन इस बार देश की सेना ने पाकिस्तान में घुसकर बदला लिया।
कांग्रेस साम्प्रदायिक पार्टी, लोगों को हिंदू-मुस्लिम में बांटा
राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के समय में जब पाकिस्तान भारत पर गोलीबारी करता था तो भारतीय सेना पहले सफेद झंडा लहराती थी, लेकिन अब बदला लिया जाता है। उन्होंने कहा कि कश्मीर अमन चाहता है, कश्मीरी देश में जहां भी रहते हैं उनसे प्यार करो। कांग्रेस, भाजपा को साम्प्रदायिक पार्टी बताती है, जबकि सबसे बड़ी साम्प्रदायिक पार्टी खुद कांग्रेस है, जिसने लोगों को हिंदू-मुस्लिम में बांटा।
गरीबों का जीवन बदला
राजनाथ सिंह ने कहा गरीब परिवारों की महिलाओं ने कभी सोचा नहीं था कि उनके घर में गैस-सिलिंडर से खाना पकेगा मोदी सरकार ने साढ़े चार साल में 13 करोड़ घरों को गैस-सिलिंडर दिए हैं। भाजपा के राज में जन धन योजना के जरिए हर एक व्यक्ति के बैंक में खाते खुलवाए, जिससे भ्रष्टाचार पर नकेल लगी और सरकार की योजनाओं का सीधा फायदा उपभोक्ताओं को मिला।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि अन्य राजनैतिक दल व्यक्ति विशेष और प्रभावशाली लोगों के पैसे से पार्टी चलाते है और उन्हीं के इशारे पर जन विरोधी काम करने में चंदे का प्रयोग करते हैं, लेकिन भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो चंदे के पैसों का इस्तेमाल जनता की सुविधा के लिए कार्यालय बनाकर करती है। इस मौके पर प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थ ने भी संबोधित किया।