कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दो लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ेंगे। उत्तर प्रदेश में अपनी परंपरागत सीट अमेठी के अलावा वह केरल से भी उम्मीदवार होंगे। रविवार को कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस में इसका एलान किया गया। पूर्व रक्षा मंत्री और कांग्रेस नेता एके एंटनी ने कहा कि राहुल गांधी अमेठी के अलावा केरल की वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। मालूम हो कि इससे पहले सोनिया गांधी भी कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए रायबरेली के अलावा कर्नाटक के बेल्लारी से चुनाव लड़ चुकी हैं।
पार्टी प्रवक्ता सुरजेवाला ने कहा कि भौगोलिक और सांस्कृतिक दृष्टि से वायनाड महत्वपूर्ण क्षेत्र है। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक, इन तीनों प्रांतों को जोड़ने वाला क्षेत्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन तीनों राज्यों के प्रति भाजपा की दमनकारी नीति रही है। कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी यहां से इन तीनों राज्यों का प्रतिनिधित्व कर पाएंगे।
मालूम हो कि राहुल गांधी को दक्षिण भारत के इन तीनों राज्यों से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भेजा गया था। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक की प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक प्रस्ताव पारित कर कहा था कि राहुल गांधी उनके प्रदेश में कहीं से भी चुनाव लड़ें।