लोकसभा चुनाव 2019 की जंग हर दिन के साथ नए-नए दावों और आरोपों के साथ आगे बढ़ रही है। इसी के साथ बिहार में एनडीए बनाम महागठबंधन की लड़ाई तेज हो गई है। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता राबड़ी देवी के बयान के बाद यहां सियासी घमासान चरम पर पहुंच गया है। प्रशांत किशोर पर दिए राबड़ी के बयान के बाद अब प्रशांत ने पलटवार किया है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि लालू प्रसाद जी जब चाहें मेरे साथ मीडिया में बैठ जाएं, सबको पता चल जाएगा कि मेरे और उनके बीच क्या बात हुई और किसने किसको क्या ऑफर दिया।
साथ ही प्रशांत ने कहा कि आज आय से अधिक संपत्ति के मामले में फंसे हुए हैं, वही आज सच के प्रहरी बने बैठे हैं।
बता दें कि शुक्रवार को राबड़ी देवी ने एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था कि प्रशांत किशोर लालू प्रसाद यादव से पांच बार मिलने आए थे। राबड़ी देवी ने दावा किया कि प्रशांत किशोर पांच बार लालू जी से मिलने आए थे। उन्हें नीतीश कुमार ने भेजा था कि फिर से दोनों दल एक हो जाएं।
राबड़ी ने कहा, इस पर मैंने किशोर से कहा कि आप यहां से चले जाइए। हमें नीतीश पर विश्वास नहीं है, वह एक बार पलट चुके हैं।